back to top

कलेक्टर तनुजा सलाम ने स्वच्छता को दी सर्वोच्च प्राथमिकता, गांव-गांव स्वच्छता व्यवस्था सुदृढ़ करने के निर्देश…

मोहला 7 सितंबर 2026। कलेक्टर श्रीमती तनुजा सलाम के निर्देशानुसार जिले में स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है। ग्राम स्तर पर स्वच्छता गतिविधियों की नियमित समीक्षा करते हुए अधिकारियों को स्वच्छता को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

Advertisements

जिला प्रशासन का उद्देश्य जिले के प्रत्येक गांव में स्वच्छ, सुंदर एवं स्वस्थ वातावरण तैयार करना है।
इसी क्रम में मोहला, मानपुर एवं अंबागढ़ चौकी तीनों जनपद पंचायतों में विशेष स्वच्छता अभियान संचालित किया जा रहा है। अभियान के दौरान विभिन्न ग्रामों एवं प्रमुख स्थानों पर डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण, कचरे का पृथक्करण एवं साफ-सफाई का कार्य किया जा रहा है।

कचरा फेंके जाने वाले स्थानों की सफाई कर वहां दोबारा कचरा जमा न हो, इसके लिए आवश्यक निगरानी एवं जागरूकता की व्यवस्था की जा रही है। स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के अंतर्गत जनपद पंचायत अंबागढ़ चौकी की ग्राम पंचायतों में स्वच्छताग्राही दीदियों द्वारा डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण कर कचरे का पृथक्करण किया जा रहा है।

साथ ही स्वच्छता टैक्स की वसूली का कार्य भी किया जा रहा है। ग्राम पंचायत गोटाटोला में दुकानदारों से संपर्क कर उन्हें अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने तथा ग्राम पंचायत की स्वच्छता गतिविधियों में सहयोग करने के लिए समझाइश दी गई।


जनपद पंचायत मोहला की ग्राम पंचायतों में भी साफ-सफाई, डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण एवं कचरे के पृथक्करण का कार्य नियमित रूप से किया जा रहा है। ग्रामीणों को घर से ही गीले एवं सूखे कचरे को अलग-अलग रखने तथा निर्धारित स्वच्छताग्राही को कचरा देने के लिए जागरूक किया जा रहा है। एकत्रित कचरे के उचित निपटान एवं प्रसंस्करण की व्यवस्था सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया जा रहा है।


जिला प्रशासन द्वारा स्वच्छता अभियान को केवल विभागीय गतिविधि तक सीमित न रखते हुए जनभागीदारी का अभियान बनाने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों, स्वच्छताग्राहियों, स्व-सहायता समूहों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, शिक्षकों, विद्यार्थियों, दुकानदारों एवं ग्रामीणों की सहभागिता से स्वच्छता गतिविधियों को प्रभावी बनाया जा रहा है।

कलेक्टर श्रीमती तनुजा सलाम के निर्देशानुसार स्वच्छता कार्यों की नियमित समीक्षा एवं मैदानी सत्यापन करते हुए जिले के प्रत्येक गांव में स्वच्छ, सुंदर एवं स्वस्थ वातावरण निर्माण की दिशा में निरंतर कार्य किया जा रहा है।

  • दीवार लेखन कर किया जा रहा जागरूक

जनपद पंचायत अंबागढ़ चौकी अंतर्गत विभिन्न ग्रामों में कचरा संग्रहण के साथ गांवों में साफ-सफाई का कार्य किया गया। वहीं ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम 2026 के प्रावधानों के प्रति ग्रामीणों में जागरूकता लाने के लिए ग्रामों में दीवार लेखन का कार्य भी कराया जा रहा है। इसके माध्यम से ग्रामीणों को कचरे के उचित प्रबंधन, कचरा पृथक्करण एवं स्वच्छता के प्रति जागरूक किया जा रहा है।

Advertisements

You cannot copy content of this page