back to top

राजनांदगांव: हरितालिका तीज को लेकर बाजार में रौनक, महिलाओं में दिखा उत्साह…

पूजन सामग्री, साड़ी, चूड़ी और मेहंदी की दुकानों पर बढ़ी भीड़, बसों में भी नजर आई गहमागहमी

Advertisements

राजनांदगांव। हरितालिका तीज पर्व को लेकर शहर के बाजारों में रौनक बढ़ गई है। पर्व की तैयारियों को लेकर महिलाओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। रविवार को शहर के विभिन्न बाजारों में महिलाएं तीज पूजन के लिए आवश्यक सामग्री, साड़ी, चूड़ी, श्रृंगार सामग्री और मेहंदी खरीदने पहुंचीं। इससे बाजार में दिनभर चहल-पहल बनी रही।

हरितालिका तीज को लेकर महिलाओं ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। साड़ी और चूड़ी की दुकानों के साथ ही मेहंदी लगाने वाले दुकानदारों के यहां भी महिलाओं की भीड़ देखने को मिली। महिलाएं अपनी पसंद की साड़ी, चूड़ियां और अन्य श्रृंगार सामग्री खरीदती नजर आईं। वहीं पूजन सामग्री की दुकानों पर भी खरीदारी के लिए लोगों की आवाजाही बढ़ी रही।

पति की लंबी आयु और सुख-समृद्धि की कामना

महिलाओं ने बताया कि हरितालिका तीज उनके लिए आस्था और श्रद्धा का महत्वपूर्ण पर्व है। इस दिन महिलाएं भगवान शिव और माता पार्वती की पूजा-अर्चना कर पति की दीर्घायु, परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना करती हैं। पर्व को लेकर महिलाएं विशेष रूप से सोलह श्रृंगार और पूजा की तैयारियां करती हैं।

बसों में भी बढ़ी भीड़

पर्व के चलते शहर में आवागमन भी बढ़ गया है। आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से महिलाएं और परिवारजन खरीदारी के लिए राजनांदगांव पहुंच रहे हैं। इसके कारण शहर आने-जाने वाली बसों में भी सामान्य दिनों की अपेक्षा अधिक भीड़ देखने को मिली। बाजारों में बढ़ी भीड़ के कारण दुकानदारों में भी पर्व को लेकर उत्साह नजर आया।

Advertisements

You cannot copy content of this page