
राजनांदगांव, 19 सितंबर 2026। सेवा संकल्प अभियान 2026 के तहत जिले के चारों विकासखंडों के 1234 शासकीय, अशासकीय एवं अनुदान प्राप्त विद्यालयों में शनिवार को ‘मेरे सपनों का भारत’ विषय पर भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने राष्ट्र निर्माण, स्वच्छता, सेवा, सुशासन, जनभागीदारी और विकसित भारत-2047 की संकल्पना पर अपने विचार प्रस्तुत किए।

प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने देश की विकास यात्रा के पिछले 25 वर्षों की उपलब्धियों और आगामी 25 वर्षों में विकसित भारत को लेकर अपने सपने साझा किए। विद्यार्थियों ने शिक्षा, स्वच्छता, महिला सशक्तिकरण, कृषि, पर्यावरण संरक्षण, तकनीकी विकास और जनभागीदारी जैसे विषयों पर विचार रखते हुए राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका पर प्रकाश डाला।
एक विद्यार्थी ने स्वच्छता को केवल साफ-सफाई तक सीमित न बताते हुए इसे समाज में सकारात्मक बदलाव लाने वाली जनभागीदारी की भावना बताया। विद्यार्थियों ने ऐसे भारत की कल्पना रखी, जहां महिलाओं को समान अवसर और सम्मान मिले, बच्चों को बेहतर शिक्षा मिले, किसान आधुनिक एवं टिकाऊ कृषि पद्धतियां अपनाएं तथा देश विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचे।
चित्रकला प्रदर्शनी ने भी खींचा ध्यान
कार्यक्रम के दौरान सभी विद्यालयों में एक दिन पूर्व आयोजित ‘मेरे सपनों का भारत’ चित्रकला प्रतियोगिता में विद्यार्थियों द्वारा तैयार किए गए चित्रों की प्रदर्शनी भी लगाई गई। पालकों, शाला प्रबंधन एवं विकास समिति के सदस्यों, जनप्रतिनिधियों और स्व-सहायता समूहों के सदस्यों ने प्रदर्शनी का अवलोकन कर विद्यार्थियों की रचनात्मक प्रतिभा की सराहना की।
प्रत्येक विद्यालय से चयनित एक उत्कृष्ट चित्रकला और एक भाषण प्रतियोगिता प्रतिभागी प्राथमिक एवं पूर्व माध्यमिक स्तर की विकासखंड स्तरीय प्रतियोगिता में शामिल होंगे। विकासखंड स्तरीय प्रतियोगिता 28 सितंबर 2026 को आयोजित की जाएगी।
सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित इस गतिविधि का उद्देश्य विद्यार्थियों में सेवा, सुशासन और जनभागीदारी की भावना विकसित करने के साथ उन्हें राष्ट्र निर्माण से जोड़ना और विकसित भारत-2047 के प्रति जागरूक करना है। साथ ही विद्यार्थियों की रचनात्मकता एवं अभिव्यक्ति क्षमता को बढ़ावा देकर राष्ट्र निर्माण में बाल एवं युवा शक्ति की सहभागिता को प्रोत्साहित करना भी अभियान का प्रमुख उद्देश्य है।











































