
सेवा संकल्प अभियान
25 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा एक गांव गोद लें-सेवा कार्य
राजनांदगांव 24 सितम्बर 2026। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत सेवा मेरा योगदान के तहत जनपद पंचायत छुरिया क्षेत्र की सभी ग्राम पंचायतों में एक गांव गोद लें-सेवा कार्य कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम के तहत 25 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ग्राम पंचायत स्तर पर स्वच्छता, वृक्षारोपण एवं पर्यावरण संरक्षण से जुड़ी विभिन्न गतिविधियां जनसहभागिता के साथ संचालित की जाएंगी। कार्यक्रम के दौरान प्रत्येक ग्राम पंचायत में नदी, तालाब, घाट, पर्यटन स्थलों सहित अन्य सार्वजनिक स्थलों पर स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। ग्रामीणों, स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं स्वयंसेवकों की सहभागिता से सार्वजनिक स्थलों की साफ-सफाई कर स्वच्छता के प्रति जागरूकता का संदेश दिया जाएगा। साथ ही हरित क्षेत्र के विस्तार और पर्यावरण संरक्षण के उद्देश्य से विभिन्न स्थानों पर वृक्षारोपण भी किया जाएगा।

एक गांव गोद लें-सेवा कार्य कार्यक्रम के माध्यम से ग्रामीणों को अपने गांव एवं सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता और संरक्षण के लिए सक्रिय भागीदारी हेतु प्रेरित किया जाएगा। कार्यक्रम का उद्देश्य स्वच्छता को जनअभियान का रूप देते हुए ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छ, सुंदर एवं हरित वातावरण तैयार करना है। कार्यक्रम के सुचारू संचालन के लिए संबंधित ग्राम पंचायतों के सचिवों को नोडल अधिकारी बनाया गया है। ग्राम पंचायत स्तर पर जनप्रतिनिधियों, ग्रामीणों, स्वयंसेवी संगठनों एवं युवाओं के सहयोग से सेवा गतिविधियों का व्यापक संचालन किया जाएगा। सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से सेवा मेरा योगदान की भावना के साथ स्वच्छ गांव, सुंदर गांव और हरित गांव की दिशा में सामूहिक प्रयास किए जाएंगे।











































