
राजनांदगांव। डोंगरगढ़ थाना पुलिस ने एक महिला को फोटो और वीडियो वायरल करने की धमकी देकर उसके साथ दुष्कर्म करने के आरोप में 26 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया है।

पुलिस के अनुसार, पीड़िता ने थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया कि आरोपी लोकेश साहू, निवासी फरदफोड़, उसके पति का दोस्त था और पति की मृत्यु से पहले से ही उसके घर आना-जाना था। आरोपी के पास पीड़िता का मोबाइल नंबर होने के कारण दोनों के बीच फोन पर बातचीत होती थी।
पीड़िता का आरोप है कि आरोपी ने धमकी देकर उसे अगस्त 2025 में डोंगरगढ़ स्थित एक लॉज में ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद भी आरोपी द्वारा उसे धमकाकर उसके घर संतोषी नगर लखोली, राजनांदगांव में आकर शारीरिक संबंध बनाए गए। आरोपी द्वारा घटना की जानकारी किसी को देने पर जान से मारने की धमकी भी दी जाती थी।
पीड़िता की शिकायत पर डोंगरगढ़ थाने में अपराध क्रमांक 4179/2026 के तहत धारा 64(2)(एम), 351(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में पुलिस ने आरोपी लोकेश साहू पिता धीराजी साहू, उम्र 26 वर्ष, निवासी वार्ड नंबर 11 फरदफोड़, थाना देवरी, जिला बालोद को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपी ने अपराध करना स्वीकार किया तथा जांच के दौरान पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर उसे 24 सितंबर 2026 को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
कार्रवाई पुलिस अधीक्षक राजनांदगांव सुश्री अंकिता शर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन एवं एसडीओपी डोंगरगढ़ श्री केशरी नंदन नायक के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी प्रशिक्षु उप पुलिस अधीक्षक सुमन जायसवाल के नेतृत्व में की गई। प्रकरण की विवेचना उप निरीक्षक गीतांजलि सिन्हा द्वारा की गई।











































