
विद्युत तारों से टकराने के बाद हुआ हादसा, समय रहते बिजली आपूर्ति बंद होने से टला बड़ा नुकसान

राजनांदगांव। शहर में पिछले दो दिनों से हो रही लगातार बारिश के बीच शुक्रवार को स्टेशन पारा वार्ड क्रमांक 11 में एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। यहां महेंद्र बंसोड़ के मकान पर विशाल बबूल का पेड़ धराशायी हो गया। घटना के दौरान मकान में किराए से रहने वाली एक महिला बाल-बाल बच गई, जबकि पेड़ गिरने से मकान को काफी नुकसान पहुंचा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बारिश के चलते विशाल बबूल का पेड़ कमजोर होकर विद्युत तारों की ओर झुक गया था। पेड़ के विद्युत तारों से टकराने और गिरने की स्थिति को देखते हुए पड़ोसियों ने तत्काल मकान मालिक महेंद्र बंसोड़ को सूचना दी। उन्होंने समय गंवाए बिना विद्युत विभाग और पुलिस को इसकी जानकारी दी।
सूचना मिलने के बाद विद्युत अमला मौके पर पहुंचा और तत्काल विद्युत प्रवाह बंद कराया गया। इससे संभावित करंट की चपेट में आने और बड़े जान-माल के नुकसान का खतरा टल गया। घटना के बाद गली में आवागमन बाधित हो गया। वहीं करीब तीन घंटे तक विद्युत आपूर्ति भी प्रभावित रही।
विद्युत विभाग के कर्मचारी और वार्डवासी मौके पर स्थिति सामान्य करने में जुटे रहे। लगातार बारिश के बीच पेड़ गिरने की घटना ने शहर में पुराने और कमजोर पेड़ों की स्थिति तथा विद्युत लाइनों के आसपास सुरक्षा को लेकर भी चिंता बढ़ा दी है।











































