
मोहला। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत खाद्य विभाग द्वारा जिला स्तरीय वन धन केंद्र, मोहला में सेवा सेतु कैंप का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सेवा सहकारी समिति मोहला के अध्यक्ष एवं समाजसेवी श्री रमेश हिड़ामे शामिल हुए। उन्होंने किसानों एवं आम नागरिकों को खाद्य विभाग की विभिन्न योजनाओं की जानकारी देने के साथ ही सेवा सेतु एवं सेवा संकल्प अभियान के उद्देश्यों से अवगत कराया।
उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं सेवाओं को आम नागरिकों तक सरल, सुगम एवं समयबद्ध तरीके से पहुंचाना है।
शिविर में प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना, वन नेशन वन राशन कार्ड योजना, ई-केवाईसी की महत्ता तथा एग्रीस्टैक पंजीयन की अनिवार्यता के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई। हितग्राहियों को बताया गया कि ई-केवाईसी एवं आवश्यक पंजीयन प्रक्रिया पूर्ण होने से उन्हें योजनाओं का लाभ प्राप्त करने में सुविधा होगी। वहीं, वन नेशन वन राशन कार्ड के माध्यम से पात्र हितग्राही देश में किसी भी स्थान से अपनी पात्रता के अनुसार राशन प्राप्त कर सकते हैं।
खाद्य विभाग की नोडल अधिकारी श्रीमती मंजुला सलाम की अध्यक्षता में आयोजित शिविर में नागरिकों एवं किसानों को शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं एवं डिजिटल सेवाओं की जानकारी दी गई। इस दौरान किसानों को एग्रीस्टैक पंजीयन के महत्व से अवगत कराते हुए शेष किसानों से समय पर पंजीयन पूर्ण कराने की अपील की गई।
अधिकारियों ने आम नागरिकों की जिज्ञासाओं एवं समस्याओं का समाधान करते हुए शासन की योजनाओं का लाभ लेने के लिए आवश्यक प्रक्रियाओं की जानकारी दी। सेवा सेतु कैंप के माध्यम से नागरिकों को एक ही स्थान पर आवश्यक जानकारी एवं मार्गदर्शन उपलब्ध कराया गया।










































