
पुलिस ने पिस्टल, दो कारतूस और 12 लाख की कार की जब्त
राजनांदगांव। स्टेट स्कूल के पास खैरागढ़ रोड पर कार सवार युवक पर पिस्टल तानकर जान से मारने की धमकी देने और गोली चलाने के मामले में सिटी कोतवाली पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक पिस्टल, दो कारतूस और महिंद्रा एक्सयूवी 700 कार जब्त की गई है। चारों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार, 28 सितंबर को प्रार्थी अविनाश शेंदरे ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 27 सितंबर की रात वह अपने दोस्तों के साथ दुर्ग से राजनांदगांव लौट रहा था।
रात करीब 11 बजे स्टेट स्कूल के पास खैरागढ़ रोड पर काले रंग की कार में सवार विपिन जान्वेल्स और उसके साथियों ने कार ठीक से चलाने की बात को लेकर विवाद करते हुए गाली-गलौज शुरू कर दी।
गाली देने से मना करने पर आरोपी विपिन जान्वेल्स ने पिस्टल निकालकर प्रार्थी पर तान दी और जान से खत्म करने की धमकी देते हुए गोली चला दी।
प्रार्थी के साथ मौजूद दोस्तों ने आरोपी का हाथ ऊपर कर दिया, जिससे गोली आसमान की ओर चली गई। पुलिस ने मामले में अपराध क्रमांक 587/26 के तहत बीएनएस की संबंधित धाराओं तथा आर्म्स एक्ट की धाराओं में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की थी।
पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देश, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर एवं नगर पुलिस अधीक्षक सत्यप्रकाश तिवारी के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी निरीक्षक उपेन्द्र कुमार शाह के नेतृत्व में पुलिस टीम आरोपियों की लगातार तलाश कर रही थी।
6 अक्टूबर को मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी कर विपिन जान्वेल्स (33), अमन जेम्स (22), शेरोन जेम्स (24) और अफरोज खान (23) को पकड़ा गया। पूछताछ में आरोपियों द्वारा घटना में शामिल होना स्वीकार करने की बात पुलिस ने कही है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक पिस्टल, दो कारतूस और महिंद्रा एक्सयूवी 700 कार क्रमांक CG 08 BJ 0001, जिसकी कीमत करीब 12 लाख रुपये बताई गई है, जब्त की। पिस्टल को परीक्षण के लिए आर्मोरर के पास भेजा गया है। रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी विपिन जान्वेल्स के खिलाफ पूर्व में कोतवाली थाने में तथा आरोपी अमन जेम्स के खिलाफ बसंतपुर थाने में अपराध दर्ज है। कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक उपेन्द्र कुमार शाह, उप निरीक्षक सुमेन्द्र कुमार खरे, प्रधान आरक्षक शंभूनाथ द्विवेदी, संदीप चौहान तथा साइबर सेल के अविनाश, हरीश, मनीष और जीवन की महत्वपूर्ण भूमिका रही।











































