
राजनांदगाँव। संस्कारधानी राजनांदगाँव में प्रतिवर्ष आयोजित होने वाला राष्ट्रीय उत्सव समिति का दशहरा उत्सव इस वर्ष अपने 31वें वर्ष में प्रवेश कर रहा है। इस अवसर पर स्टेट स्कूल ग्राउंड में भव्य दशहरा कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है।
कार्यक्रम में सुप्रसिद्ध फिल्म कांतारा का आकर्षक नाट्य रूपांतरण, उज्जैन के सुमधुर गायक दिव्यांश पांड्या की विशेष संगीतमय प्रस्तुति तथा मुंबई की आकर्षक एवं मनमोहक आतिशबाजी मुख्य आकर्षण रहेंगी।
राष्ट्रीय उत्सव समिति की स्थापना वर्ष 1996 में स्वर्गीय श्री विजय पांडे जी द्वारा की गई थी। उनके द्वारा प्रारंभ की गई यह परंपरा आज भी निरंतर आगे बढ़ रही है। समिति का उद्देश्य दशहरा उत्सव के माध्यम से भारतीय संस्कृति, धार्मिक आस्था, सामाजिक एकता और सांस्कृतिक विरासत को प्रोत्साहित करना है।
बीते वर्षों से यह आयोजन राजनांदगाँव की धार्मिक एवं सांस्कृतिक पहचान का महत्वपूर्ण हिस्सा बना हुआ है।आज संध्या स्टेट हाई स्कूल के इस ऐतिहासिक मैदान में 51 फीट ऊंचे आकर्षक वेशभूषा में कुछ नए रंग-रूप युक्त रावण के पुतले का निर्माण किया गया है । हमारे अराध्य देव प्रभु श्री राम, माता जानकी, भ्राता लक्ष्मण एवं वीर हनुमान अपने दल बदल सहित इस आततायी, घमंडी रावण के पुतले का दहन करेंगे।
पिछले 30 वर्षों से स्टेट हाई स्कूल के इसी मैदान में हजारों हजार की संख्या में उपस्थित जन समुदाय ऐसे ही बुराई पर अच्छाई की इस जीत का आनंद लेते हैं इस वर्ष आयोजन में दर्शकों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र होगा फिल्म कांतारा के नाट्य रूपांतरण के माध्यम से लोक संस्कृति और परंपराओं की जीवंत प्रस्तुति, वहीं उज्जैन के लोकप्रिय गायक दिव्यांश पांड्या अपनी सुमधुर आवाज से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध करेंगे। इसके साथ ही मुंबई की भव्य आतिशबाजी दशहरा उत्सव की रौनक को और भी बढ़ाएगी।
हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी आकाशीय रंग बिरंगी आतिशबाजी अपने ख्याति अनुरूप नई साज सज्जा के साथ उपस्थित जन समुदाय को मंत्र मुग्ध कर देगी ऐसी तैयारी समिति ने की है । स्टेट हाई स्कूल के मैदान में जाने के लिए दो प्रवेश द्वार बनाए गए हैं जी ई रोड से स्टेट हाई स्कूल में जाने वाला मार्ग गेट नंबर 1 होगा वहीं खैरागढ़ रोड ओवर ब्रिज की तरफ से मैदान में जाने के लिए गेट नंबर 2 से दर्शक जा सकेंगे ।
राष्ट्रीय उत्सव समिति के अध्यक्ष श्री तथागत पांडे ने संस्कारधानी राजनांदगाँव की समस्त धर्मप्रेमी जनता, गणमान्य नागरिकों एवं युवाओं से सपरिवार कार्यक्रम में उपस्थित होकर इस भव्य दशहरा उत्सव की गरिमा बढ़ाने की अपील की है।
उन्होंने कहा कि यह आयोजन केवल एक उत्सव नहीं, बल्कि स्वर्गीय श्री विजय पांडे जी द्वारा स्थापित सांस्कृतिक परंपरा, धार्मिक आस्था और सामाजिक समरसता को आगे बढ़ाने का एक महत्वपूर्ण माध्यम है।
राष्ट्रीय उत्सव समिति, राजनांदगाँव
संरक्षक – श्री राजेन्द्र यादवजी एवं
अध्यक्ष: तथागत पांडे











































