
पुराने विश्राम गृह भवन का कार्यालय के रूप में उपयोग करने के दिए निर्देश
परिसर की साफ-सफाई एवं आवश्यक मरम्मत कार्य 15 से 20 दिनों में पूर्ण करने कहा
राजनांदगांव 22 अक्टूबर 2026। सचिव लोक निर्माण विभाग श्री मुकेश कुमार बंसल ने आज डोंगरगांव स्थित पुराने विश्राम गृह का निरीक्षण कर भवन एवं परिसर की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने पुराने विश्राम गृह भवन का लोक निर्माण विभाग के कार्यालय के रूप में उपयोग करने तथा परिसर को व्यवस्थित एवं उपयोगी बनाने के निर्देश अधिकारियों को दिए। उन्होंने कहा कि शासकीय भवनों एवं परिसरों का बेहतर उपयोग सुनिश्चित किया जाए। सचिव श्री बंसल ने निरीक्षण के दौरान पुराने विश्राम गृह परिसर में स्थित भवनों की स्थिति की जानकारी ली।
उन्होंने उपयोग योग्य भवनों की आवश्यक मरम्मत कर उनका कार्यालय एवं भंडारण कक्ष के रूप में उपयोग करने के निर्देश दिए। उन्होंने जर्जर एवं अनुपयोगी संरचनाओं को नियमानुसार हटाने तथा परिसर का समतलीकरण एवं साफ-सफाई कराने कहा। उन्होंने मुख्य भवन को विभागीय कार्यालय के रूप में विकसित कराने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी आवश्यक कार्य आगामी 15 से 20 दिनों के भीतर पूर्ण करने तथा इसके लिए उपलब्ध विभागीय मदों से राशि की व्यवस्था करने कहा।
सचिव श्री बंसल ने निरीक्षण के दौरान सड़क निर्माण एवं मरम्मत कार्यों की गुणवत्ता पर भी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने सड़क की स्थिति में सुधार लाने, रोड मार्किंग एवं सेंटर लाइन का कार्य कराने तथा डिवाइडर की साफ-सफाई एवं रंग-रोगन कराने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। गुणवत्ताहीन कार्यों में आवश्यक सुधार कराएं तथा संबंधित ठेकेदार के विरूद्ध नियमानुसार जुर्माना लगाने की कार्रवाई करें। उन्होंने विभागीय कार्यालयों एवं परिसरों के सुव्यवस्थित रखरखाव के संबंध में लिखित निर्देश जारी करने तथा सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। इस दौरान प्रमुख अभियंता श्री विजय भतपहरी, मुख्य अभियंता दुर्ग परिक्षेत्र श्री एन के जयंत, अधिक्षण अभियंता अपर्णा चौरपगार, कार्यपालन अभियंता रितु खरे सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
Advertisements











































