
राजनांदगांव। अपनी नव विवाहिता पत्नी को घुमाने के बहाने स्कूटी में बैठाकर ले जाने वाले पति ने ही उसे शिवनाथ में ढकेल कर जान ले ली। प्रारंभिक पड़ताल में पत्नी की हत्या के पीछे पारिवारिक विवाद की बात सामने आयी है।
हत्यारे पति और पत्नी का विवाह दो वर्ष पूर्व ही हुआ था। मृतका भी राजनांदगांव की रहवासी थी।बसंतपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत शिवनाथ नदी के पुराने पुल से पत्नी को नदी की घाट में ढकेल कर जान लेने का सनसनी खेज मामला प्रकाश में आया है।
नव विवाहिता पति-पत्नी के बीच कलह को हत्या का कारण माना जा रहा है। जानकारी के अनुसार मृतका निशा बोरकर एवं रिंकू बोरकर का विवाह दो वर्ष पूर्व ही हुआ था। मृतका निशा बोरकर (22) निवासी स्टेशन पारा रूपचंद बोरकरकी सुपुत्री थी।
पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार 21 अक्टूबर की शाम मृतका का पति रिंकू बोरकर उसे अपने साथ स्कूटी में बैठाकर घुमाने के बहाने शिवनाथ नदी छोटे पुल पर ले गया। दोनों कुछ देर तक आपस में बातचीत करते रहे। इसी बीच मौके की तलाश में पति ने शाम लगभग 7 बजे उसे छोटे पुल से सीधे नदी की धार में धक्का देकर गिरा दिया।
बसंतपुर पुलिस आज सुबह गोताखोरों के साथ मौके पर पहुंची। सुबह लगभग 11.30 बजे मृतका का शव गोताखोरों द्वारा पानी से बाहर निकाल लिया गया। पुलिस ने मौके पर पंचनामा कार्रवाई कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस ने हत्यारे पति को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और आरोपी पति के बयान के उपरांत ही हत्या का सही कारण सामने आ सकेगा।











































