back to top

राजनांदगांव: रिश्वत लेते पकड़े गए प्रधान आरक्षक किशोर यादव निलंबित, रिजर्व केंद्र राजनांदगांव में किया गया संबद्ध, SP ने जारी किया आदेश…

राजनांदगांव। भ्रष्टाचार के मामले में एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) की कार्रवाई के बाद पुलिस विभाग ने सख्त कदम उठाया है। बसंतपुर थाना में पदस्थ प्रधान आरक्षक क्रमांक 1470 किशोर यादव को रिश्वत लेते पकड़े जाने के मामले में तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। इस संबंध में जिला पुलिस अधीक्षक कार्यालय राजनांदगांव की ओर से आदेश जारी किया गया है।

जारी आदेश के अनुसार, दिनांक 4 नवंबर 2026 को एसीबी की टीम द्वारा प्रधान आरक्षक किशोर यादव को रिश्वत लेते हुए पकड़े जाने की घटना पुलिस विभाग के संज्ञान में आई। इस कृत्य को प्रथम दृष्टया गंभीर कदाचरण एवं अनुशासनहीनता की श्रेणी में मानते हुए विभाग ने इसे अशोभनीय आचरण करार दिया है।

आदेश में कहा गया है कि प्रधान आरक्षक द्वारा अपने पदीय कर्तव्यों के विपरीत आचरण कर पुलिस विभाग की छवि धूमिल की गई है। इसके चलते उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित करते हुए रिजर्व केंद्र, राजनांदगांव में संबद्ध किया गया है।

निलंबन अवधि के दौरान प्रधान आरक्षक किशोर यादव को बिना अनुमति मुख्यालय छोड़ने की इजाजत नहीं होगी। उन्हें तीनों गणना में उपस्थित रहना अनिवार्य किया गया है। साथ ही नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता की पात्रता रहेगी।