back to top

राजनांदगांव: शासकीय दिग्विजय महाविद्यालय में जिला स्तरीय ‘विकसित भारत यूथ पार्लियामेंट’ का भव्य आयोजन, युवाओं ने ‘एक राष्ट्र, एक चुनाव’ पर रखे विचार…



राजनांदगांव। मेरा युवा भारत राजनांदगांव एवं शासकीय दिग्विजय स्वायत्तशासी महाविद्यालय, राजनांदगांव के संयुक्त तत्वावधान में आज 04 नवंबर 2026 को महाविद्यालय परिसर में जिला स्तरीय ‘विकसित भारत यूथ पार्लियामेंट’ का सफल आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता में जिले भर से आए युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और राष्ट्रीय महत्व के विषय “एक राष्ट्र, एक चुनाव” पर अपने ओजस्वी विचार प्रस्तुत किए।


कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शासकीय दिग्विजय महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. सुचित्रा गुप्ता उपस्थित रहीं। उन्होंने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि लोकतंत्र में युवाओं की सक्रिय भागीदारी ही सशक्त राष्ट्र के निर्माण का आधार है। युवा संसद जैसे आयोजन युवाओं में नेतृत्व क्षमता, तर्कशक्ति और लोकतांत्रिक मूल्यों का विकास करते हैं।


कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में पार्षद प्रतिनिधि श्री नागेश यदु एवं अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम में निर्णायक के रूप में डॉक्टर अमृतेश , डॉक्टर के के त्रिवेदी , श्री घुलाम मुस्तफा अंसारी , श्री नूतन देवांगन उपस्थिति रहे | अतिथियों ने प्रतिभागियों के तर्कों एवं अभिव्यक्ति शैली की सराहना करते हुए उनका मार्गदर्शन किया।


मेरा युवा भारत राजनांदगांव के जिला युवा अधिकारी श्री शुभजीत डे की उपस्थिति एवं मार्गदर्शन में संपूर्ण कार्यक्रम का आयोजन व समन्वय सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। उन्होंने बताया कि इस जिला स्तरीय प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले शीर्ष 3 विजेताओं का चयन राज्य स्तरीय यूथ पार्लियामेंट के लिए किया गया है, जहाँ वे राजनांदगांव जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे।


युवा संसद के दौरान प्रतिभागियों ने ‘एक राष्ट्र, एक चुनाव’ के पक्ष और विपक्ष दोनों पहलुओं पर गहन मंथन करते हुए देश की चुनावी प्रक्रिया में सुधार, संसाधनों की बचत तथा निरंतर विकास कार्यों पर इसके प्रभाव पर अपनी राय रखी। कार्यक्रम को सही रूप से संचालित करने हेतु श्री संजय सप्तऋषि जी का भरपूर योगदान रहा |


कार्यक्रम के अंत में अतिथियों द्वारा विजेताओं को बधाई दी गई तथा सभी प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र प्रदान कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। आयोजन में महाविद्यालय के प्राध्यापकगण, मेरा युवा भारत के स्वयंसेवक एवं बड़ी संख्या में छात्र- छात्राएं उपस्थित रहे । मेरा युवा भारत की तरफ से तपन साहू , गोविंद साहू ,दिनेश्वर कुमार , टिकेंद्र वर्मा , गौरव यादव , चैतन्य साहू , आकाश तिवारी उपस्थित रहे |