
राजनांदगांव 5 नवम्बर 2026 – छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में विद्युत अधोसंरचना को मजबूत बनाने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की गई है।
राजनांदगांव जिले के लाल बहादुर नगर वितरण केंद्र अंतर्गत ग्राम रामाटोला (हीरापुर) में मुख्यमंत्री विद्युत अधोसंरचना विकास योजना के तहत नवनिर्मित 33/11 के.व्ही. विद्युत उपकेन्द्र को ईडी प्रोजेक्ट श्री एम. जामुलकर एवं राजनांदगांव क्षेत्र के मुख्य अभियंता श्री हर्ष कुमार मेश्राम ने विधिवत ऊर्जीकृत कर क्षेत्रवासियों को समर्पित किया।
इस उपकेन्द्र के प्रारंभ होने से क्षेत्र के 17 गांवों के लगभग 4875 विद्युत उपभोक्ताओं को बेहतर गुणवत्ता एवं अधिक विश्वसनीय विद्युत आपूर्ति का लाभ मिलेगा।
इस नवीन उपकेन्द्र का निर्माण लगभग 2 करोड़ 15 लाख रुपये की लागत से किया गया है। यहां 3.15 एम.व्ही.ए. क्षमता का नया पावर ट्रांसफार्मर स्थापित किया गया है।
साथ ही विद्युत आपूर्ति नेटवर्क को सुदृढ़ करने के लिए 2 किलोमीटर 33 के.व्ही. एवं 2.5 किलोमीटर 11 के.व्ही. विद्युत लाइन का निर्माण भी किया गया है।
नवीन उपकेन्द्र और विस्तारित विद्युत नेटवर्क से क्षेत्र की विद्युत वितरण क्षमता में वृद्धि होने के साथ स्थानीय स्तर पर बिजली आपूर्ति का बेहतर प्रबंधन सुनिश्चित होगा।
उपकेन्द्र के ऊर्जीकरण से विशेष रूप से ग्रामीण एवं कृषि क्षेत्रों में कम वोल्टेज, ओवरलोडिंग तथा बार-बार विद्युत व्यवधान जैसी समस्याओं में कमी लाने में मदद मिलेगी।
इससे घरेलू उपभोक्ताओं, किसानों एवं अन्य विद्युत उपभोक्ताओं को अधिक भरोसेमंद बिजली आपूर्ति उपलब्ध कराने का मार्ग प्रशस्त होगा।
इस अवसर पर मुख्य अभियंता श्री हर्ष कुमार मेश्राम ने कहा कि पॉवर कंपनीज के अध्यक्ष श्री सुबोध कुमार सिंह एवं प्रबंध संचालक (वितरण) श्री भीम सिंह कंवर के कुशल मार्गदर्शन में जिले की बढ़ती विद्युत मांग के अनुरूप नए उपकेन्द्रों का निर्माण तथा मौजूदा उपकेन्द्रों की क्षमता में वृद्धि का कार्य निरंतर किया जा रहा है।
इसका उद्देश्य उपभोक्ताओं को गुणवत्तापूर्ण, निर्बाध एवं विश्वसनीय विद्युत आपूर्ति उपलब्ध कराना है।
उन्होंने कहा कि कृषि एवं धान की फसल के मौसम में सिंचाई पंपों के संचालन के कारण विद्युत मांग में वृद्धि होती है।
ऐसे समय में नए उपकेन्द्रों का ऊर्जीकरण किसानों को बेहतर वोल्टेज एवं स्थिर विद्युत आपूर्ति उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
इससे सिंचाई कार्यों को सुचारु रूप से संचालित करने के साथ ग्रामीण एवं घरेलू उपभोक्ताओं को भी बेहतर विद्युत सुविधा मिलेगी।
रामाटोला का यह नवीन 33/11 के.व्ही. उपकेन्द्र क्षेत्र की विद्युत व्यवस्था को नई मजबूती प्रदान करेगा। इससे 17 गांवों के हजारों उपभोक्ताओं को प्रत्यक्ष लाभ मिलने के साथ क्षेत्र के कृषि, घरेलू एवं आर्थिक गतिविधियों को भी गति मिलेगी।
इस अवसर पर अतिरिक्त मुख्य अभियंता (प्रोजेक्ट) श्री बी.के. कुमरे, राजनांदगांव वृत्त के अधीक्षण अभियंता श्री शंकेश्वर कंवर, कार्यपालन अभियंता श्री मुकेश कुमार साहू, श्री बीरबल उइके, श्री नुरेन्द्र कुमार साहू, सहायक अभियंता श्री दिनेश चतुर्वेदी, श्री आर.पी. ठाकुर, श्री सुशील कोड़ापे, श्रीमती श्वेता वर्मा सहित विद्युत विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।









































