
राजनांदगांव डोंगरगढ़। शहर में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने और असामाजिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए डोंगरगढ़ पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में पुराना बस स्टैंड में लोगों को चिल्लाकर डराने-धमकाने और मारपीट पर उतारू होने वाले एक युवक के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 4 नवंबर को तालीब खान (29 वर्ष), निवासी पुराना बस स्टैंड, वार्ड क्रमांक 17 डोंगरगढ़, सार्वजनिक स्थान पर लोगों को चिल्ला-चिल्लाकर डराने-धमकाने लगा।
वहां मौजूद लोगों द्वारा समझाइश देने पर वह और अधिक आक्रोशित हो गया तथा मारपीट करने पर उतारू हो गया। इससे क्षेत्र में शांति व्यवस्था भंग होने की आशंका को देखते हुए पुलिस ने उसके विरुद्ध धारा 170, 126 एवं 135(3) बीएनएसएस के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की और उसे माननीय एसडीएम न्यायालय के समक्ष पेश किया।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के दिशा-निर्देश, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन एवं एसडीओपी केशरी नंदन नायक के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी निरीक्षक रामेश्वर प्रसाद देशमुख के नेतृत्व में की गई।
डोंगरगढ़ पुलिस द्वारा क्षेत्र में लगातार गश्त, पेट्रोलिंग एवं नाकाबंदी के साथ होटल और ढाबों की जांच की जा रही है। साथ ही अवैध शराब बिक्री, सट्टा गतिविधियों एवं अन्य असामाजिक तत्वों पर निगरानी रखी जा रही है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि शांति व्यवस्था भंग करने वालों के विरुद्ध आगे भी सख्त वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।










































