back to top

राजनांदगांव: बिना लाइसेंस और सुरक्षा इंतजामों के संचालित हो रहीं पटाखा दुकानें, निरंजन पासवान ने कार्रवाई की मांग…

राजनांदगांव। शहर सहित ग्रामीण क्षेत्रों में बिना लाइसेंस पटाखा दुकानों के संचालन और थोक विक्रेताओं द्वारा नियमों के विपरीत चिल्हर में पटाखों की बिक्री किए जाने का मामला सामने आया है। इस पर जिला प्रशासन से कार्रवाई की मांग उठी है।

उत्तर ब्लॉक मंडल कांग्रेस अध्यक्ष निरंजन पासवान ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा कि शहर एवं गांवों में कई स्थानों पर बिना आवश्यक सुरक्षा उपकरणों और सुरक्षा इंतजामों के पटाखा दुकानों का संचालन किया जा रहा है। वहीं, थोक पटाखा विक्रेताओं द्वारा भी नियमों की अनदेखी कर चिल्हर बिक्री की जा रही है।

उन्होंने कहा कि पटाखों के कारोबार में सुरक्षा मानकों की अनदेखी से किसी भी समय गंभीर हादसा हो सकता है।

त्योहारों के दौरान दुकानों में भीड़ बढ़ने से खतरा और अधिक हो जाता है। इसके बावजूद कई दुकानों में अग्निशमन उपकरण सहित जरूरी सुरक्षा व्यवस्थाएं नजर नहीं आ रही हैं।

निरंजन पासवान ने जिला प्रशासन से मांग की है कि शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में संचालित पटाखा दुकानों की जांच कराई जाए।

बिना लाइसेंस दुकान चलाने वालों, सुरक्षा मानकों का पालन नहीं करने वाले दुकानदारों तथा नियम विरुद्ध चिल्हर बिक्री करने वाले थोक विक्रेताओं के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।