back to top

राजनांदगांव: सिंधु भवन में हुआ प्रबुद्धजन सम्मेलन, लोकतंत्र की मजबूती पर हुआ मंथन…

भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष जगन्नाथ पाणिग्रही रहे मुख्य वक्ता, प्रबुद्धजनों ने रखे विचार

राजनांदगांव। भारतीय जनता पार्टी के ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान के तहत गुरुवार को शहर के सिंधु भवन में प्रबुद्धजन सम्मेलन आयोजित किया गया। सम्मेलन में भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं दुर्ग संभाग प्रभारी जगन्नाथ पाणिग्रही मुख्य वक्ता के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम में लोकतंत्र की मजबूती, एसआईआर (विशेष गहन पुनरीक्षण), सामाजिक जागरूकता एवं लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं को लेकर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।

कार्यक्रम संयोजक शशिकांत द्विवेदी ने कहा कि कांग्रेस द्वारा एसआईआर को लेकर युवाओं के बीच भ्रम फैलाने और लोकतांत्रिक प्रक्रिया के प्रति अविश्वास का वातावरण बनाने का प्रयास किया जा रहा है। इसके विरोध में भाजपा जनजागरण अभियान के माध्यम से लोगों तक सही तथ्यों को पहुंचाने का कार्य कर रही है।

वरिष्ठ भाजपा नेता खूबचंद पारख ने अपने विचार रखते हुए कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए जागरूक नागरिकों की सक्रिय भागीदारी जरूरी है। प्रबुद्धजन समाज को सही दिशा देने और लोकतांत्रिक मूल्यों के संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ऐसे आयोजनों से समाज में सकारात्मक संवाद और जागरूकता को बढ़ावा मिलता है।

जिला भाजपा अध्यक्ष कोमल सिंह राजपूत ने कहा कि भाजपा लोकतांत्रिक व्यवस्था और संवैधानिक प्रक्रियाओं के प्रति जनजागरूकता लाने के लिए प्रतिबद्ध है। पार्टी का यह अभियान समाज के विभिन्न वर्गों तक पहुंचकर तथ्यों के आधार पर संवाद स्थापित करने का माध्यम है।

जनभागीदारी समिति की अध्यक्ष पूर्णिमा साहू ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए प्रत्येक नागरिक का जागरूक होना आवश्यक है। समाज के बुद्धिजीवियों, शिक्षाविदों और प्रबुद्धजनों को लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति लोगों को जागरूक करने में आगे आना चाहिए।

सम्मेलन में उपस्थित प्रबुद्धजनों, बुद्धिजीवियों, शिक्षाविदों एवं गणमान्य नागरिकों ने भी विभिन्न विषयों पर अपने विचार रखे। इस अवसर पर भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं शहर के गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।