
दिग्विजय कॉलेज में मुक्तिबोध जयंती का आयोजन
राजनांदगांव:- शासकीय दिग्विजय महाविद्यालय राजनांदगांव के हिंदी विभाग में 13 नवंबर को मुक्तिबोध जयंती पर विशेष व्याख्यान कार्यक्रम आयोजित हुआ।
कार्यक्रम की अध्यक्ष प्राचार्य डॉ सुचित्रा गुप्ता ने कहा कि राजनांदगांव और दिग्विजय कॉलेज साहित्यिक दृष्टि से अत्यंत समृद्ध है. मुक्तिबोध के साहित्यिक वैभव के कारण दिग्विजय कॉलेज की पहचान वैश्विक स्तर पर है. महाविद्यालय परिसर में स्थित मुक्तिबोध संग्रहालय साहित्यकारों के लिए तीर्थ है.
विभागाध्यक्ष डॉ. शंकर मुनि राय ने अपने उद्बोधन में कहा कि मुक्तिबोध सन 1958 से 1964 तक महाविद्यालय के हिंदी विभाग में अध्यापक के रूप में कार्य किया. उन्होंने ‘अंधेरे में’ और ‘ब्रह्मराक्षस’ जैसी प्रसिद्ध कविताएं महाविद्यालय परिसर में रहकर लिखी.
व्याख्यान के मुख्य वक्ता प्रो. थानसिंह वर्मा ने ‘मुक्तिबोध की पत्रकारिता’ विषय पर अपना व्याख्यान केंद्रित किया। इस संबंध में आपने कहा कि मुक्तिबोध सच्चे अर्थों में राष्ट्रवादी पत्रकार और साहित्यकार थे. मुक्तिबोध ने निर्भीक पत्रकारिता की. सत्ता, राजनीति, सामाजिक, और सांस्कृतिक विसंगतियों को ‘नया खून’ और दूसरे पत्रों में प्रमुखता से छापा.
आयोजन से पूर्व प्राचार्य सहित हिंदी विभाग के प्राध्यापकों एवं विद्यार्थियों द्वारा त्रिवेणी परिसर स्थित मुक्तिबोध की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की गई. कार्यक्रम का संचालन डॉ. प्रवीण कुमार साहू ने एवं आभार प्रदर्शन डॉ. बी. एन. जागृत ने किया. विद्यार्थियों ने अपने फीडबैक भी दिए. इस अवसर पर डॉ. सुरेश पटेल, डॉ. नीलम तिवारी, डॉ. गायत्री साहू, डॉ. वीरेंद्र साहू, श्री कौशिक बीशी, तथा स्नातकोत्तर हिंदी और पत्रकारिता के 100 से अधिक विद्यार्थी उपस्थित थे.









































