back to top

जनजातीय गौरव सप्ताह के अंतर्गत शहीद वीर नारायण सिंह लोक कला महोत्सव का आयोजन…

मोहला। जनजातीय गौरव दिवस के उपलक्ष्य में जिला प्रशासन मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी द्वारा आयोजित जनजातीय गौरव सप्ताह के अंतर्गत शहीद वीर नारायण सिंह लोक कला महोत्सव का आयोजन किया गया।

महोत्सव के तहत आयोजित जनजातीय लोक नृत्य प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न नृत्य दलों एवं कलाकारों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से दर्शकों का मन मोह लिया।


कार्यक्रम में जनजातीय समाज की समृद्ध लोक संस्कृति, पारंपरिक वेशभूषा, लोकगीतों और मनमोहक नृत्यों की अनुपम छटा देखने को मिली।

मांदर की थाप और पारंपरिक लोक धुनों ने पूरे वातावरण को उत्साह एवं उल्लास से सराबोर कर दिया। कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से जनजातीय परंपराओं, सांस्कृतिक विरासत और गौरवशाली पहचान को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया।


प्रतियोगिता में विभिन्न नृत्य दलों की प्रस्तुति दी। जिसमें मादरी नृत्य दल ग्राम उरझे ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया। इस उपलब्धि के साथ ही नृत्य दल का चयन रायगढ़ में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले का प्रतिनिधित्व करने के लिए किया गया है।

वहीं, प्रतियोगिता में सहभागिता करने वाले सभी प्रतिभागियों को उनके उत्कृष्ट सांस्कृतिक प्रदर्शन के लिए मोमेंटो एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।


इस अवसर पर वरिष्ठ जनप्रतिनिधि श्री दिलीप वर्मा ने जनजातीय संस्कृति के संरक्षण, संवर्धन एवं सम्मान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि जनजातीय लोक कला, नृत्य और परंपराएं हमारी अमूल्य सांस्कृतिक धरोहर हैं।

इनका संरक्षण, प्रोत्साहन और भावी पीढ़ियों तक हस्तांतरण करना हम सभी का सामूहिक दायित्व है। जनजातीय गौरव सप्ताह के माध्यम से जिले में जनजातीय समाज की कला, संस्कृति एवं पारंपरिक विरासत को मंच प्रदान करने के साथ ही उनकी गौरवशाली पहचान सहजने का सार्थक प्रयास किया जा रहा है।

ऐसे आयोजन न केवल स्थानीय कलाकारों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर देते हैं, बल्कि नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक जड़ों और परंपराओं से जुड़ने के लिए भी प्रेरित करते हैं।

इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य श्री लखन कलामे, जनप्रतिनिधि श्री अनिल गुप्ता, श्री अवधेश त्रिपाठी, श्री राजेश जैन गुजराती सहित स्थानीय जनप्रतिनिधिगण उपस्थित रहें।