back to top

राजनांदगांव: अवैध धान परिवहन पर प्रशासन की कार्रवाई, दो ट्रकों से 595 क्विंटल धान जब्त, पाटेकोरा बैरियर पर निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने पकड़े दो ट्रक, अधिकारियों को सघन जांच के दिए निर्देश…

राजनांदगांव। धान खरीदी सीजन में अवैध धान परिवहन पर रोक लगाने जिला प्रशासन ने कार्रवाई तेज कर दी है। इसी कड़ी में कलेक्टर जितेन्द्र यादव ने पाटेकोरा बैरियर का निरीक्षण किया।

इस दौरान अवैध रूप से धान का परिवहन करते हुए दो ट्रक पकड़े गए। प्रशासनिक टीम ने दोनों वाहनों से कुल 595 क्विंटल धान जब्त किया है। जब्त धान और वाहनों के संबंध में नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है।

जानकारी के अनुसार, पाटेकोरा बैरियर पर जांच के दौरान पहले ट्रक में 742 बोरे धान लदा मिला, जिसका कुल वजन 306 क्विंटल बताया गया है। वहीं, उसी स्थान पर पकड़े गए दूसरे ट्रक से 289 क्विंटल धान बरामद किया गया। इस तरह दोनों ट्रकों से कुल 595 क्विंटल धान जब्त किया गया।

कलेक्टर जितेन्द्र यादव के निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी दुर्गा प्रसाद अधिकारी, एसडीएम और खाद्य विभाग के अधिकारी भी मौजूद रहे।

कलेक्टर ने बैरियर पर तैनात कर्मचारियों को निर्देशित किया कि बाहर से आने वाले धान लदे वाहनों की नियमित और सघन जांच की जाए। बिना वैध दस्तावेज और अनुमति के धान का परिवहन किसी भी स्थिति में नहीं होने दिया जाए।

उन्होंने कहा कि धान खरीदी सीजन में किसानों के हितों की रक्षा करना और खरीदी व्यवस्था में पारदर्शिता बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिकता है। अवैध रूप से धान का परिवहन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

प्रशासन ने नागरिकों से मांगा सहयोग

जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि कहीं भी अवैध धान भंडारण या परिवहन की जानकारी मिलने पर तत्काल प्रशासन को सूचित करें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।