
राजनांदगांव। मानवता और संवेदनशीलता की एक सराहनीय मिसाल राजनांदगांव में देखने को मिली, जहां हरियाणा से भटककर पहुंचे एक मानसिक रूप से अस्वस्थ व्यक्ति को स्थानीय नागरिक की मदद और पुलिस की तत्परता से उसके परिजनों से मिलाया गया। करीब डेढ़ साल से घर से लापता 38 वर्षीय त्रिलोक बनवाला को सुरक्षित पाकर परिजनों के चेहरे पर खुशी लौट आई।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, बल्देवबाग निवासी सोहेल खान ने 17 नवंबर को थाना सिटी कोतवाली पहुंचकर सूचना दी कि एक व्यक्ति पिछले तीन दिनों से पार्रीनाला दरगाह के पास भटक रहा है।
पूछताछ करने पर उसने अपना नाम त्रिलोक बनवाला पिता सतवीर सिंह जाट, उम्र 38 वर्ष, निवासी ग्राम सिंगवाल, तहसील नरवाना, जिला जींद (हरियाणा) बताया।
व्यक्ति की मानसिक स्थिति ठीक नहीं होने के कारण सोहेल खान ने मानवता दिखाते हुए उसे भोजन और नाश्ता कराया तथा उसके परिजनों तक पहुंचाने का प्रयास शुरू किया।
सोहेल खान ने इंटरनेट मैप की मदद से हरियाणा के ग्राम सिंगवाल की जानकारी जुटाई और वहां के एक कपड़ा व्यवसायी से संपर्क किया। इसके बाद भटके हुए व्यक्ति की तस्वीर व्हाट्सएप के माध्यम से भेजी गई।
तस्वीर देखकर हरियाणा निवासी वीरेंद्र सिंह जाट ने अपने बड़े भाई त्रिलोक बनवाला के रूप में उसकी पहचान की। इसके बाद फोन के माध्यम से परिजनों को राजनांदगांव की जानकारी दी गई।
सूचना मिलने पर 17 नवंबर को त्रिलोक का छोटा भाई वीरेंद्र सिंह जाट हरियाणा से राजनांदगांव पहुंचा। उसने बताया कि उसका बड़ा भाई मानसिक रूप से अस्वस्थ है और करीब डेढ़ साल पहले घर से बिना बताए निकल गया था।
इससे पहले भी वह घर छोड़कर चला गया था और लगभग छह महीने बाद वापस लौटा था। थाना सिटी कोतवाली पुलिस ने आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद त्रिलोक बनवाला को उसके छोटे भाई वीरेंद्र सिंह जाट के सुपुर्द कर दिया।
बताया गया कि बल्देवबाग निवासी सोहेल खान अब तक इसी तरह भटक रहे 11 से 12 लोगों की मदद कर उनके परिजनों से संपर्क स्थापित कर उन्हें सुरक्षित घर पहुंचाने में सहयोग कर चुके हैं। उनकी यह पहल समाज के लिए मानवता और सेवा भावना की प्रेरणादायक मिसाल है।
अपने बिछड़े भाई को सुरक्षित पाकर परिजनों ने सोहेल खान और राजनांदगांव कोतवाली पुलिस का हृदय से आभार व्यक्त किया। इस पूरे घटनाक्रम ने एक बार फिर साबित किया कि संवेदनशीलता और मदद का छोटा-सा प्रयास किसी परिवार की बड़ी खुशी बन सकता है।










































