back to top

राजनांदगांव शांति नगर में धूमधाम से मनाया गया तुलसी विवाह एवं जेठौनी पर्व, श्रद्धा और भक्ति के साथ महिलाओं एवं बच्चों ने की पूजा-अर्चना, दीपों से जगमगाया तुलसी चौरा…

राजनांदगांव। राजनांदगांव जिले के शांति नगर, वार्ड क्रमांक 06 में कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की देवउठनी एकादशी के पावन अवसर पर तुलसी विवाह एवं जेठौनी पर्व श्रद्धा और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर घरों में माता तुलसी की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई। परिवार के सदस्यों ने दीप प्रज्वलित कर आरती उतारी और सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।

पर्व के अवसर पर तुलसी चौरा को आकर्षक ढंग से सजाया गया। फूल-मालाओं, गेंदे के फूलों और रंग-बिरंगी सजावट से पूजा स्थल की सुंदरता देखते ही बन रही थी। महिलाओं ने पारंपरिक परिधान धारण कर पूजा-अर्चना में भाग लिया। बच्चों ने भी उत्साहपूर्वक आरती में सहभागिता निभाई।

वरिष्ठ पत्रकार परमानंद रजक ने कहा कि तुलसी विवाह एवं जेठौनी पर्व हमारी सनातन संस्कृति, धार्मिक आस्था और सामाजिक परंपराओं का महत्वपूर्ण प्रतीक है। छत्तीसगढ़ में इस पर्व का विशेष महत्व है। ऐसे पर्व हमारी नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति, संस्कार और परंपराओं से जोड़ने का कार्य करते हैं।

आज के आधुनिक दौर में भी पारंपरिक रीति-रिवाजों को जीवित रखना हम सभी की जिम्मेदारी है। तुलसी विवाह का आयोजन परिवार में सुख, शांति, समृद्धि और आपसी प्रेम का संदेश देता है। हमें अपनी सांस्कृतिक विरासत को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाने के लिए ऐसे पर्वों को उत्साहपूर्वक मनाते रहना चाहिए।

छत्तीसगढ़ की लोकपरंपरा में जेठौनी पर्व का विशेष महत्व है। इस दिन माता तुलसी का विवाह भगवान विष्णु के स्वरूप शालिग्राम जी के साथ कराने की धार्मिक परंपरा निभाई जाती है। घरों में पूजा-पाठ, आरती और दीपदान के साथ पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।

इस पर्व के माध्यम से धार्मिक आस्था के साथ-साथ पारिवारिक एकता, सामाजिक सद्भाव और छत्तीसगढ़ की प्राचीन संस्कृति एवं परंपराओं की झलक देखने को मिली। शांति नगर वार्ड क्रमांक 06 में पर्व को लेकर लोगों में विशेष उत्साह और उमंग का माहौल रहा।