back to top

राजनांदगांव: महेन्द्र नगर एवं प्रभात नगर में निर्मित आंगनबाड़ी भवन का महापौर ने किया लोकार्पण…

अब स्वयं के आंगनबाडी में बच्चो को मिलेगी प्रारंभिक शिक्षा व पोषण आहार-मधुसूदन यादव

राजनांदगांव 21 नवम्बर। नगर निगम द्वारा शहर विकास की कडी में गुरूगोविंद सिंह वार्ड नं. 23 के महेन्द्र नगर एवं प्रभात नगर में महिला एंव बाल विकास परियोजना अंतर्गत 12-12 लाख रूपये की लागत से आंगनबाड़ी भवन का निर्माण किया गया है। जिसका आज महापौर श्री मधुसूदन यादव ने दोनो जगह एक संक्षिप्त एवं गरिमामय आयोजन में फीता काटकर पट्टीका का अनावरण कर लोकार्पण किया।

कार्यक्रम में राजस्व विभाग के प्रभारी सदस्य एवं वार्ड पार्षद श्री राजा माखीजा, पूर्व पार्षद श्री गुरूमुखदास वाधवा, के अलावा सर्वश्री राजकुमार डुलानी, अरूण डुलानी, प्रकाश वाधवानी, गंभीर जैन, आलोक बिंदल, हिमांशु सोनी, श्रीमती श्यामाबाई नायक की विशेष उपस्थिति रही।


लोकार्पण कार्यक्रम में अपने संबोधन में महापौर श्री यादव ने वार्डवासियों को बधाई देते हुए कहा कि, वार्डवासियें की मांग पर इस वार्ड में बच्चों के लिये सर्वसुविधा युक्त दो आंगनबाड़ी भवन बनाया गया है, जिसमें वार्ड के बच्चे स्वयं के भवन में प्रारंभिक शिक्षा ग्रहण करेंगे, वही बच्चे एवं गर्भवती महिलाओं को स्वास्थ्य वर्धक पोषक आहार मिलेगा।

उन्होंने कहा कि हमारे नगर के यशस्वी विधायक डाॅ. रमन सिंह एवं सांसद श्री संतोष पाण्डे की अनुशंसा पर शासन द्वारा नगर विकास के लिये दिये गये राशि से शहर में विकास कार्य कराये जा रहे है।

उन्होेंने कहा कि इस वार्ड में हाउसिंग बोर्ड उद्यान का जीर्णोद्धार एवं वार्ड के विभिन्न हिस्सो में नाली निर्माण भी कराया जायेगा, जिसका औपचारिक रूप से भूमिपूजन किया गया। उन्होंने कहा कि शासन की मंशानुरूप इसी प्रकार के विकास कार्य सभी वार्डो में कराये जायेगे।


दोनों स्थानों में आयोजित कार्यक्रम के पूर्व आंगनबाडी कार्यकर्ता एवं सहायिका तथा वार्डवासियो ने अतिथियों का पुष्पगुच्छ से स्वागत किया। तत्पश्चात अतिथियों ने पूजा अर्चनाकर आंगनबाडी भवनो का विधिवत लोकार्पण किया। लोकार्पण अवसर पर उप अभियंता श्री तिलक राज ध्रुव सहित निगम का अमला व वार्डवासी उपस्थित थे।