
बलौदाबाजार । छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले में मां और दो बच्चों की लाश मिली है। इनमें एक बेटा 10 साल और दूसरा 5 साल का है। शुक्रवार सुबह ग्राम सुकली में तीनों के शव घर के कमरे में मिले। शुरुआती जांच में जहर खाने की आशंका है।
पुलिस के मुताबिक, महिला का पति के साथ पारिवारिक विवाद चल रहा था। पति की दूसरी शादी से भी वह परेशान थी। फिलहाल मामले की जांच जारी है। हालांकि, तीनों की मौत की असली वजह पीएम रिपोर्ट आने के बाद ही पता चलेगी। मामला गिरौदपुरी चौकी क्षेत्र का है।
पुलिस के मुताबिक, 20 नवंबर की सुबह 4 बजे ग्राम सुकली में महिला युक्ति मानिकपुरी और उसके दो बच्चों की मौत की सूचना मिली थी। इसके बाद गिरौदपुरी चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। घर के एक कमरे में तीनों के शव मिले। शुरुआती जांच में जहर खाने से मौत होने की आशंका है।
पुलिस की जांच में पता चला कि ग्राम सुकली की युक्ति मानिकपुरी (28) का अपने पति संजय मानिकपुरी से विवाद चल रहा था। पति की दूसरी शादी के बाद से वह तनाव में थी। इसी विवाद को घटना की संभावित वजह माना जा रहा है। हालांकि, पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।










































