back to top

राजनांदगांव : भाजपा नेता के कथित अपशब्द पर शहर कांग्रेस महामंत्री देवेश वैष्णव ने जताई नाराजगी…

राजनांदगांव। जिले में सड़क निर्माण कार्य के दौरान कर्मचारियों के साथ कथित मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी का मामला अब राजनीतिक चर्चा का विषय बनता जा रहा है। इस मामले में राजनांदगांव शहर कांग्रेस कमेटी के महामंत्री देवेश वैष्णव ने भाजपा नेता द्वारा कथित रूप से अपशब्दों का प्रयोग किए जाने पर कड़ी नाराजगी जताते हुए खेद व्यक्त किया है।

गौरतलब है कि राजनांदगांव-डोंगरगांव चौकी-मोहला-मानपुर मार्ग पर सड़क निर्माण का कार्य कराया जा रहा है। इसी दौरान 20 नवंबर 2026 को ग्राम कुमर्दा एवं घुपसाल के बीच निर्माण कार्य के दौरान भारत वर्मा नामक व्यक्ति पर कंपनी के कर्मचारियों के साथ गाली-गलौज एवं मारपीट करने का आरोप लगा है।

इस संबंध में निर्माण कंपनी के प्रोजेक्ट मैनेजर मनीष कुमार साहू ने पुलिस अधीक्षक राजनांदगांव को लिखित शिकायत सौंपकर कार्रवाई की मांग की है। शिकायत में 50 लाख रुपये की कथित वसूली मांगने, कर्मचारियों को धमकाने और मारपीट करने जैसे गंभीर आरोप भी लगाए गए हैं। कर्मचारियों की सुरक्षा को देखते हुए कंपनी ने निर्माण कार्य बंद करने की बात कही है।

इधर, शहर कांग्रेस महामंत्री देवेश वैष्णव ने भाजपा नेता द्वारा अपशब्दों का प्रयोग किए जाने पर अपनी नाराजगी जाहिर की है। उन्होंने इस तरह की भाषा के प्रयोग को अनुचित बताते हुए खेद व्यक्त किया। मामले को लेकर राजनीतिक हलकों में भी चर्चा शुरू हो गई है।

अब इस पूरे मामले में पुलिस प्रशासन की जांच और आगे होने वाली कार्रवाई पर सभी की निगाहें टिकी हुई हैं।