
राजनांदगांव। जिले के भर्रेगांव में आज सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। घर में सज्जा और छत का काम कर रहे एक मजदूर के ऊपर अचानक छत गिर गई, जिससे वह मलबे में दब गया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
मिली जानकारी के अनुसार, मलबे में दबे व्यक्ति की पहचान संतोष यादव (52 वर्ष), निवासी भर्रेगांव के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि घटना आज सुबह करीब 9 से 10 बजे के बीच हुई। हादसे के बाद से संतोष यादव मलबे में दबे हुए हैं।
घटना की सूचना मिलते ही सुरगी पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंच गई है। फिलहाल मलबे में दबे व्यक्ति को बाहर निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है।
हादसे को लेकर गांव में चिंता का माहौल है। सभी की निगाहें रेस्क्यू अभियान पर टिकी हुई हैं। फिलहाल व्यक्ति की स्थिति और हादसे के कारणों की आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।










































