
राजनांदगांव। जिले के भर्रेगांव में आज सुबह एक दर्दनाक हादसे में 58 वर्षीय मजदूर की जान चली गई। घर में सज्जा और छत का काम कर रहे मजदूर के ऊपर अचानक छत गिर गई, जिससे वह मलबे में दब गया। करीब दो घंटे तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद उसे बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
मिली जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान संतोष यादव (52 वर्ष) पिता गेंदू राम यादव, निवासी भर्रेगांव के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह आज सुबह करीब 9 से 10 बजे के बीच अपने घर में सज्जा और छत का काम कर रहा था। इसी दौरान अचानक छत भरभराकर उसके ऊपर गिर गई और वह मलबे के नीचे दब गया।

घटना की जानकारी मिलते ही सुरगी पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। इसके बाद मलबे में दबे मजदूर को बाहर निकालने के लिए युद्धस्तर पर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद टीम ने संतोष यादव को मलबे से बाहर निकाला, लेकिन उसकी मौत हो चुकी थी।
इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं गांव में मातम छाया हुआ है।
एक हादसे ने परिवार से उसका सहारा छीन लिया और पूरे गांव को गमगीन कर दिया। फिलहाल पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।










































