back to top

राजनांदगांव : छोटी बहन की सहेली के घर से 2.20 लाख के जेवरात चोरी करने वाली युवती गिरफ्तार…

राजनांदगांव। छोटी बहन की सहेली के घर आना-जाना एक युवती को भारी पड़ गया। परिचित होने का फायदा उठाकर उसने घर की अलमारी में रखे सोने-चांदी के करीब 2 लाख 20 हजार रुपये कीमत के जेवरात चोरी कर लिए। मामले में पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपी युवती को गिरफ्तार कर चोरी के सभी जेवरात बरामद कर लिए हैं। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर महिला जेल दुर्ग भेज दिया गया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थिया ने 6 नवंबर 2026 को थाना सिटी कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 18 अक्टूबर को सुबह करीब 10 बजे उसके लखोली बैगापारा स्थित मकान की अलमारी में रखे सोने-चांदी के जेवरात अज्ञात व्यक्ति ने चोरी कर लिए हैं। चोरी गए जेवरात में चांदी की पायल, राजाबाड़ा पायल, सोने का लॉकेट, तीन जोड़ी सोने के टॉप्स सहित अन्य आभूषण शामिल थे। इनकी कुल कीमत करीब 2.20 लाख रुपये बताई गई। पुलिस ने अपराध क्रमांक 681/26 के तहत धारा 305(ए) बीएनएस में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर एवं नगर पुलिस अधीक्षक सत्यप्रकाश तिवारी के मार्गदर्शन में थाना सिटी कोतवाली और साइबर सेल की संयुक्त टीम गठित की गई। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले तथा स्थानीय लोगों से पूछताछ कर संदिग्धों की जानकारी जुटाई।

जांच के दौरान सामने आया कि शंकरपुर शिवानंद चौक निवासी 21 वर्षीय श्रेया रानी भीमगंज का छोटी बहन की सहेली के घर आना-जाना था। घटना के दिन भी वह अपनी छोटी बहन के साथ सहेली के घर पहुंची थी। आरोप है कि वहां उसने अपनी छोटी बहन और उसकी सहेली को कुछ सामान लाने के बहाने अपनी स्कूटी देकर पुराने बस स्टैंड भेज दिया। दोनों के घर से बाहर जाते ही उसने अलमारी में रखे सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर लिए और वहां से फरार हो गई।

पुलिस ने संदेह के आधार पर श्रेया रानी भीमगंज को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में उसने चोरी की वारदात स्वीकार कर ली। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किए गए करीब 2 लाख 20 हजार रुपये कीमत के सोने-चांदी के जेवरात बरामद कर जब्त किए। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर 22 नवंबर को उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर महिला जेल दुर्ग भेज दिया गया।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक उपेन्द्र कुमार शाह, साइबर सेल प्रभारी निरीक्षक विनय पम्मार सहित थाना कोतवाली एवं साइबर सेल की पुलिस टीम के अधिकारियों और कर्मचारियों की सराहनीय भूमिका रही।