back to top

राजनांदगांव: संविधान दिवस पर राजनांदगांव में दो दिवसीय राज्य स्तरीय संविधान उत्सव का आयोजन…

26 नवंबर को भव्य मोटरसाइकिल रैली, 27 नवंबर को सांस्कृतिक एवं मंगलीय आयोजन; क़ब्बाल फैजान ताज की प्रस्तुति होगी आकर्षण

राजनांदगांव। संविधान दिवस के अवसर पर राजनांदगांव में 26 एवं 27 नवंबर 2026 को दो दिवसीय राज्य स्तरीय संविधान उत्सव का आयोजन किया जा रहा है। आयोजन स्टेट स्कूल मैदान, राजनांदगांव में होगा। आयोजक बौद्ध कल्याण समिति (14131) एवं समस्त बौद्ध समाज राजनांदगांव (छत्तीसगढ़) द्वारा संविधान के प्रति जागरूकता, सामाजिक एकता, समरसता एवं संवैधानिक मूल्यों के प्रचार-प्रसार के उद्देश्य से कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है।

पहले दिन निकलेगी भव्य मोटरसाइकिल रैली

आयोजन के प्रथम दिन 26 नवंबर, गुरुवार को सुबह 8 बजे भव्य मोटरसाइकिल रैली निकाली जाएगी। रैली का शुभारंभ अंबेडकर चौक, राजनांदगांव से होगा तथा समापन कलेक्टरेट परिसर में किया जाएगा। रैली के माध्यम से संविधान के महत्व, नागरिक अधिकारों, कर्तव्यों एवं सामाजिक जागरूकता का संदेश जन-जन तक पहुंचाया जाएगा। समापन के पश्चात स्वल्पाहार की व्यवस्था भी रखी गई है।

दूसरे दिन होगा सांस्कृतिक एवं मंगलीय आयोजन

27 नवंबर, शुक्रवार को स्टेट स्कूल मैदान राजनांदगांव में मंगलीय एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रम में सामूहिक संविधान की प्रस्तावना का वाचन किया जाएगा। इसके साथ ही सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से सामाजिक सद्भाव, भाईचारा, समानता एवं संविधान के मूल आदर्शों को प्रस्तुत किया जाएगा।

फैजान ताज की कव्वाली प्रस्तुति रहेगी आकर्षण

कार्यक्रम के सांस्कृतिक आयोजन में महाराष्ट्र के मशहूर कव्वाल फैजान ताज की विशेष प्रस्तुति होगी। 27 नवंबर को शाम 7 बजे से होने वाले इस कार्यक्रम में कव्वाली एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दर्शकों के आकर्षण का केंद्र रहेंगी। आयोजन में विभिन्न सामाजिक संगठनों, शाखा समितियों एवं सहयोगियों की सहभागिता भी रहेगी।

आयोजन समिति ने समाज के लोगों, युवाओं, महिलाओं एवं संविधान प्रेमियों से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है। समिति का उद्देश्य संविधान के प्रति सम्मान की भावना जागृत करना तथा सामाजिक एकता और समरसता को मजबूत करना है।