back to top

सातवीं के छात्र डीगेन्द्र ने बनाया स्मार्ट चश्मा, झपकी आते ही बजेगा अलार्म और छूटेगा पानी का फव्वारा…

खैरागढ़। प्रतिभा उम्र की मोहताज नहीं होती, यह साबित कर दिखाया है खैरागढ़ के कक्षा सातवीं के छात्र डीगेन्द्र सिन्हा ने। सड़क दुर्घटनाओं को रोकने और वाहन चालकों को नींद की झपकी से सतर्क करने के उद्देश्य से डीगेन्द्र ने सेंसर आधारित स्मार्ट चश्मा तैयार किया है। इस नवाचार में चालक को झपकी आते ही अलार्म बजने के साथ पानी का फव्वारा छोड़ने की व्यवस्था की गई है।

झपकी आते ही सक्रिय होगा सेंसर

शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला दबका में अध्ययनरत डीगेन्द्र सिन्हा ने अपने मॉडल में सेंसर तकनीक का उपयोग किया है। वाहन चालक को नींद की झपकी आने पर सेंसर सक्रिय होकर बजर बजाता है, जिससे चालक सतर्क हो सके। यदि अलार्म के बाद भी चालक सचेत नहीं होता, तो चश्मे में लगे सिस्टम से पानी का फव्वारा छोड़ने की व्यवस्था की गई है। इस तकनीक का उद्देश्य वाहन चालकों को नींद से सचेत कर संभावित सड़क दुर्घटनाओं को रोकने में मदद करना है।

जिला स्तर पर प्रथम, संभाग में दूसरा स्थान

डीगेन्द्र ने दुर्ग में आयोजित जोन स्तरीय बाल वैज्ञानिक प्रदर्शनी एवं पश्चिम भारत विज्ञान मेले में अपने मॉडल का प्रदर्शन किया। उनके इस नवाचार को जिला स्तरीय प्रतियोगिता में प्रथम स्थान मिला, जबकि संभाग स्तरीय प्रतियोगिता में उन्होंने दूसरा स्थान हासिल किया। अब उनके मॉडल का चयन राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए किया गया है।

शिक्षक के मार्गदर्शन में तैयार किया नवाचार

स्मार्ट चश्मे को तैयार करने में शिक्षक अजय सिंह राजपूत ने डीगेन्द्र को मार्गदर्शन दिया। विद्यालय के विद्यार्थियों ने सड़क सुरक्षा से संबंधित एक अन्य मॉडल भी बनाया है, जिसमें बाइक चालक के हेलमेट नहीं पहनने पर अलार्म के जरिए सतर्क करने की व्यवस्था की गई है।

कम उम्र में डीगेन्द्र का यह नवाचार वैज्ञानिक सोच, रचनात्मकता और सामाजिक सरोकार का उदाहरण है। उचित तकनीकी मार्गदर्शन और संसाधन मिलने पर ऐसे विद्यार्थी भविष्य में सड़क सुरक्षा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं।