राजनांदगाँव : सचिव सह आबकारी आयुक्त श्री निरंजन दास एवं प्रबंध संचालक श्री ऐपी त्रिपाठी के द्वारा दिए गए निर्देश के तारतम्य में एवं कलेक्टर श्री टीके वर्मा तथा सहायक आयुक्त आबकारी श्री नवीन प्रताप सिंह तोमर के मार्गदर्शन में 28 फरवरी 2021 को आबकारी विभाग राजनांदगांव के पाटेकोहरा आबकारी जाँच चौकी द्वारा प्राप्त सूचना के आधार पर पाटेकोहरा से कुबराडीह के पास सुबह नाका लगाकर वाहन चेकिंग के दौरान संदिग्ध मोटर साइकिल होण्डा लीवो सीजी 08 – एएफ 5321 को रुकवाकर जाँच करने पर ग्राम मुरमुंदा निवासी बरातू पटेल तथा ग्राम तुमडीलेवा निवासी रेमचंद पटेल के आधिपत्य से दो बोरियों में रखे 300 नग पाव गोवा व्हिस्की, प्रत्येक में 180 एमएल भरा, कुल 54 बल्क लीटर बरामद किया गया।

गिरफ्तार आरोपियों के बताए अनुसार संदिग्ध स्विफ्ट डिजायर कार सीजी 08-के-1820 का पीछा करने पर कार चिचोला से छुरिया रोड में चली गई। जिसे रुकवाने की कोशिश करने पर कार द्वारा आबकारी के वाहन बोलेरो सीजी 08-एपी 9604 को तेज रफ्तार से ठोकर मारा गया। जिससे बोलेरो मौके पर ही पलट गया तथा कार भी क्षतिग्रस्त हो गया है।
बोलेरो में बैठे आबकारी उपनिरीक्षक श्री जितेन्द्र कुमार उइके, आबकारी आरक्षक श्री राकेश दुबे, वाहन चालक श्री नोमेश साहू घायल हो गये है। मौके का फायदा उठाकर कार से आरोपी भाग रहा था जिसे आबकारी उपनिरीक्षक श्री जितेन्द्र कुमार उइके ने दौड़ाकर आरोपी समोदा थाना जेवरा सिरसा जिला- दुर्ग निवासी प्रवीण देशमुख को पकड़ा। स्विफ्ट डिजायर कार को खोलकर देखने पर 40 पेटी मध्यप्रदेश निर्मित गोवा व्हिस्की, प्रत्येक में 180 एमएल कुल 360 बल्क लीटर बरामद किया गया। आरोपियों के विरुद्ध आबकारी अधिनियम की धारा 34 (2), 36, 59 (क) का प्रकरण दर्ज कर विवेचना किया जा रहा है।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर प्रकरण में आबकारी टीम पर जानलेवा हमले को दृष्टिगत रखते हुए आईपीसी की अन्य धाराओं विशेषकर ऑन ड्यूटी सरकारी आधिकारी एवं कर्मचारियों पर जानलेवा हमले के लिए एफआईआर करने हेतु पुलिस चौकी प्रभारी चिचोला को अग्रिम कार्रवाई हेतु पत्र भी प्रेषित किया गया है।
रेड कार्रवाई के दौरान सहायक जिला आबकारी अधिकारी (ब) श्रीमती निरूपमा लोन्हारे एवं आबकारी उपनिरीक्षक श्री जितेन्द्र उइके तथा आरक्षक में श्री राकेश दुबे, श्री सुरेंद्र झारिया, श्री ओमप्रकाश सिन्हा, श्री निजाम शाह, भृत्य श्री अनिल सिन्हा, वाहन चालक श्री नोमेश साहू, श्री महेश्वर साहू उपस्थित थे। आबकारी वाहन बोलेरो सीपी 08-एपी 9604 के पलटने से वाहन चालक श्री नोमेश साहू का दोनों पैर फ्रेक्चर हो गया है।










































