राजनांदगांव । लॉकडाऊन के दौरान जिले में पड़ोसी राज्यों से शराब की अवैध तस्करी का गोरखधंधा बढ़ गया है। तस्कर लग्जरी वाहनों व बाईक में मध्यप्रदेश व महाराष्ट्र से अवैध रूप से शराब की तस्करी कर यहां खपा रहें हैं । चिचोला चौकी पुलिस ने दो अलग-अलग जगहों पर नाकाबंदी कर महाराष्ट्र से अवैध रूप से शराब की तस्करी कर ला रहे चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

आरोपियों के कब्जे से 9 पेटी शराब बरामद की गई है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार पड़ोसी राज्यों से अवैध शराब लाने की लगातार सूचना पर चिचोला पुलिस द्वारा नाकाबंदी कर तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत मंगलवार को बापूटोला छुरिया मार्ग के पार नाकाबंदी कर वाहनों की जांच की जा रही थी ।
मुढ़ीपार व जोरातराई निवासी हैं आरोपी
इस दौरान एक लाल कलर के कार में 4 पेटी महाराष्ट्र निर्मित शराब बरामद की गई। पुलिस ने शराब ला रहे आरोपी रवि कुकरेजा पिता लीलाराम कुकरेजा निवासी ग्राम मुढ़ीपार थाना सोमनी और देवानंद यादव पिता नरसगि यादव निवासी ग्राम जोरातराई थाना सोमनी को गिरफ्तार किया। आरोपियों के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई कर 4 पेटी शराब व कार को बरामद की गई है ।
चिचोला चौकी पुलिस ने दो अलग-अलग जगहों पर नाकाबंदी कर चार आरोपियों को दबोचा
वहीं चिचोला पुलिस ने लालूटोला बस स्टैंड के पास नाकाबंदी कर वाहनों की जांच के दौरान लग्जरी वाहन क्रमांक सीजी 04 एचडब्लू 7232 की जांच की। इस दौरान वाहन में पांच पेटी महाराष्ट्र निर्मित शराब बरामद की गई। बताया जा रहा है कि जांच के दौरान तस्कर वाहन छोड़कर फरार होने के फिराक में थे।
पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपियों को दबोचा। पुलिस ने इस मामले में आरोपी आमेश साहू पिता रोहित साहू निवासी ग्राम रवेली पुलिस चौकी सुरगी और राजकुमार साहू पिता इनुराम साहू निवासी ग्राम रवेली को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से पांच पेटी शराब व कार बरामद कर आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की है।
172 पौव्वा शराब जब्त
वहीं छुरिया पुलिस ने बुधवार को महाराष्ट्र से बाईक में शराब की तस्करी कर ला रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 172 पौव्वा शराब बरामद की गई है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार शराब की तस्करी रोकने पुलिस द्वारा नाकाबंदी कर वाहनों की जांच की जा रही है।
इस दौरान बुधवार को छुरिया फारेस्ट बेरियर के पास नाकाबंदी कर वाहनों की जांच की गई। जांच के दौरान बाईक क्रमांक सीजी 08 एएल 6103 में आरोपी हेमकुमार बंजारे पिता रमेश बंजारे निवासी कोपेडीह और जीवन सेवता पिता जयलाल निवासी नाथूनवागांव द्वारा बाईक में अवैध रूप से शराब लाया जा रहा था। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 172 पौव्वा शराब बरामद कर आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की है ।










































