राजनांदगांव 26 मई 2021- वर्षा ऋतु के पूर्व नगरीय निकाय क्षेत्र के पानी टंकीयों की सफाई एवं अन्य व्यवस्था दुरूस्त करने के निर्देश राज्य शासन द्वारा दिये गये थे। निर्देश के अनुक्रम में नगर निगम सीमाक्षेत्र की पानी टंकीयों की सफाई प्रारंभ की गयी है। इसके अलावा हैण्ड पंपों के मरम्मत एवं दवाई डालने का कार्य भी किया जा रहा है।

शासन से प्राप्त निर्देशानुसार वर्षा ऋतु के पूर्व स्वच्छ पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित करने निगम आयुक्त डॉ. आशुतोष चतुर्वेदी द्वारा त्वरित कार्यवाही करते हुए प्र.कार्यपालन अभियंता एवं सहायक अभियंता को कार्ययोजना तैयार करने हेतु निर्देशित किया गया। निर्देश उपरांत जल प्रभारी कार्यपालन अभियंता कामना सिंह यादव, सहायक अभियंता अतुल चोपड़ा, उपअभियंता दीपक कुमार माहला एवं जल विभाग के कर्मचारियों के मध्य हुए चर्चा अनुसार शहर में स्थित समस्त पानी टंकियों की सफाई कार्य प्रारंभ करने निर्णय लिया गया। साथ ही वर्षा ऋतु के पूर्व भूमिगत जल के प्रदुषण को रोकने के लिए शहर के समस्त हैण्डपंपो, विशेष कर लखोली क्षेत्र के हैण्डपंपों में सोडियम हाईपोक्लोराईड केमिकल डालने निर्देशित किया गया।प्र.कार्यपालन अभियंता के निर्देश के परिपालन में जल विभाग के कर्मचारियों द्वारा आज दिनांक 26.05.2021 को टाकांघर स्थित ऑफिस टंकी की सफाई का कार्य पूर्ण किया गया एवं 15 जून 2021 के पूर्व तक समस्त पानी टंकियों का सफाई का कार्य पूर्ण कर लिया जावेगा। टंकी सफाई का कार्य निर्धारित समय में किया जावेगा, जिससे की पेयजल व्यवस्था बाधित न हो। हैण्डपंपों में सोडियम हाईपोक्लोराईड केमिकल डालने का कार्य आज दिनांक से लखोली वार्ड नं. 35 में प्रारंभ किया गया।
सोडियम हाईपोक्लोराईड केमिकल डालने का कार्य निगम क्षेत्र के समस्त हैण्डपंपों में किया जावेगा। प्र.कार्यपालन अभियंता एवं सहायक अभियंता द्वारा प्रतिदिन मोहारा फिल्टर प्लांट जाकर रॉ-वाटर, क्लीयर वाटर का क्लोरिन टेस्ट एवं मोहारा एनीकट में पानी लेबल प्रतिदिन चेक किया जा रहा है। ताकि वर्षा ऋतु के पूर्व तक नियमित पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित किया जा सके। मोहारा प्लांट के सी.एफ.एल. की सफाई का कार्य जून 2021 के अंतिम सप्ताह में किया जाना प्रस्तावित है।
प्र.कार्यपालन अभियंता द्वारा प्लांट प्रभारी युवराज कोमरे एवं लक्ष्मीकांत देवांगन को सफाई की कार्ययोजना तैयार करने हेतु निर्देशित किया गया है। वर्तमान में फिल्टर बेड को प्रतिदिन बैकवास करने हेतु निर्देशित किया गया है। तकि वर्षा ऋतु में स्वच्छ पेयजल नागरिकों को उपलब्ध हो सके।











































