राजनांदगांव/खैरागढ़: माहभर पहले परिणय सूत्र में बंधी नवविवाहिता ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली…

राजनांदगांव/खैरागढ़- तकरीबन माहभर पहले परिणय सूत्र में आबद्ध हुई नवविवाहिता ने फांसी के फंदे पर झूलकर आत्महत्या कर ली. घटना खैरागढ़ से लगे ग्राम नवागांव कला की है.

Advertisements

जानकारी अनुसार बुधवार 2 मई की सुबह तकरीबन 6 बजे नवागांव कला की रहने वाली रूखमणी साहू पति राजेश साहू (20 वर्ष) अपने मकान के एक कमरे में फांसी के फंदे में झूलती मिली। परिजनों के अनुसार मृतका रूखमणी ने पंखे में फंदा बनाकर आत्महत्या कर ली।

पुलिस को सूचना मिलने के बाद थाना प्रभारी सहित पुलिस की टीम मौके पर पहुंची थी। बताया जा रहा है कि विवाह के बाद से पति के साथ नवविवाहिता का किसी अज्ञात विषय को लेकर विवाद चल रहा था जिसे लेकर विवाद के बाद ग्रामवासियों ने भी समझौता कराया था।

माहभर पहले ही लॉकडाउन के दरमियान रूखमणी का राजेश से विवाह हुआ था। दोपहर बाद मृतका का पोस्टमार्टम कर शव परिजनों को सौंपा गया जिसके बाद उसका अंतिम संस्कार किया गया है।पुलिस ने मामले में जांच शुरू कर दी है, बहरहाल अपराध दर्ज नहीं किया है।