राजनांदगांव : भूपेश सरकार ने मारा बिजली का तेज करेन्ट, बढ़ी हुई सुरक्षा निधि से बिलख उठी जनता – मधुसूदन यादव…

  • हॉफ बिजली बिल के आड़ में फुल बिजली बिल की वसूली करती भूपेश सरकार: मधूसूदन यादव

बिजली बिल की आड़ में अन्य राज्यों के चुनाव हेतु पार्टी फण्ड जुटाने का प्रयास करती दिखाई दे रही भूपेश सरकार: मधूसूदन यादव

छत्तीसगढ़ प्रदेश की जनता से बिजली बिल में बढ़ी हुई सुरक्षा निधि के नाम पर विद्युत विभाग द्वारा  दो माह का एडवांस बिजली बिल उपभोक्ताओं से वसूला जा रहा है और उनकी जेब पर डाका डाला जा रहा है। जनता पर बढ़े हुए बिजली बिल का अनावश्यक बोझ लादा गया है, जिसके लिये प्रदेश की सत्तारूढ़ कांग्रेस पार्टी ही जिम्मेदार है।

शासन प्रशासन के द्वारा प्रदत्त लूट की छूट के कारण विद्युत विभाग द्वारा प्रदेश के विद्युत उपभोक्ताओं से बढ़ी हुई सुरक्षा निधि के नाम पर बिजली बिलों में अवैध रूप से अतिरिक्त राशि की वसूली की जा रही है, जिसके कारण बिजली बिलों में इस माह की राशि गत माह की अपेक्षा काफी बढ़ी हुई आई हैं, और बिजली बिल पटाने में उपभोक्ताओं को 440 वोल्ट का करंट लग रहा हैं। कांग्रेस पार्टी पर उक्त आरोप लगाते हुए पूर्व  सांसद राजनांदगॉव मधुसूदन यादव ने कहा है कि जैसे ही देश के अन्य राज्यों में चुनाव की घोषणा होती है, वैसे ही छत्तीसगढ़ राज्य में जनता के जेबों पर किसी न किसी रूप में डाका डालने का खेल शुरू हो जाता है।

विगत दिनों उत्तरप्रदेश, पंजाब एवं असम राज्य में चुनाव के समय जब प्रदेश के मुखिया भूपेश बघेल को दिल्ली हाईकमान ने कांग्रेस पार्टी का स्टार प्रचारक बनाकर भेजा था, तब छत्तीसगढ़ राज्य में सीमेंट, रेत और सरिया की कीमतों में बेतहाशा वृद्धि हुई थी, और प्रदेश की जनता को गृह निर्माण हेतु दुगनी चौगुनी कीमत चुका कर सीमेंट, रेत और लोहा खरीदने के लिये मजबूर होना पड़ा था। वर्तमान समय में हिमाचल प्रदेश एवं गुजरात राज्यों में चुनावी सरगर्मी तेज होते ही एक बार फिर, छत्तीसगढ़ की भूपेश सरकार ने जनता को बिजली बिल में बढ़ोत्तरी के रूप में, बिजली का तेज करेन्ट मारा है, जिससे उपभोक्ता जनता बिलख उठी है। प्रदेश में विगत एक साल के भीतर ही बिजली बिल की दर में दो बार वृद्धि की गई है।

आर्थिक अत्याचार के कारण प्रदेश के निम्न एवं मध्यम आय वर्ग के परिवारोें को बिजली बिल पटाने में काफी आर्थिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, साथ ही साथ, उन्हें अपने रोजमर्रा के अनिवार्य खर्च में कटौती करने के लिये भी विवश होना पड़ रहा है। प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष मधुसूदन यादव ने आरोप लगाया है कि अपने चुनावी घोषणा पत्र में कर्ज माफ और बिजली बिल हॉफ का झूठा वादा करके सत्तारूढ़ हुई भूपेश नीत कांग्रेस सरकार अब विगत कुछ वर्षो में चोरी-छुपे विद्युत की दरो में बार-बार वृद्धि करते हुए जनता को ठगती रही है, और हॉफ बिजली बिल के आड़ में फुल बिजली बिल की वसूली करती रही है। किन्तु इस महीने के बिजली बिल में सुरक्षा निधि की अप्रत्याशित बढ़ी हुई राशि की आड़ में भूपेश सरकार अन्य राज्यों के चुनाव हेतु पार्टी फण्ड जुटाने का प्रयास करती दिखाई दे रही है।

भाजपा नेता मुधसूदन यादव ने चेतावनी देते हुए कहा है कि कांग्रेस शासन बढ़े हुए बिजली बिल के माध्यम से छत्तीसगढ़ की भोली-भाली जनता को छलने का प्रयास कर रही है, जिसका प्रदेश भाजपा द्वारा हर स्तर पर पुरजोर विरोध किया जायेगा। यदि शासन प्रशासन द्वारा बिजली बिल की आड़ में चल रहे इस गोरखधंधे को नहीं रोका गया तो प्रदेश की जनता के हित में भारतीय जनता पार्टी बढ़ी हुई विद्युत दरों एवं सुरक्षा निधि को वापस लेने के लिये उग्र आंदोलन एवं विरोध प्रदर्शन करेगी, जिसकी संपूर्ण जिम्मेदारी शासन प्रशासन की होगी।