राजनांदगांव : नगर का युवा क्रिकेटर अजय मंडल आईपीएल की चेन्नई टीम में शामिल…

राजनांदगांव-पहली बार राजनांदगांव का कोई युवा क्रिकेटर आईपीएल में खेलते दिखेगा। नगर के होनहार खिलाड़ी और छत्तीसगढ़ की रणजी टीम के प्रमुख ऑल राउंडर अजय यादव मंडल को कोच्चि में संपन्न आईपीएल के ऑक्शन में महेन्द्र सिंह धोनी की टीम चेन्नई सुपर किंग्स ने 20 लाख रू. के बेस प्राइज में खरीद लिया। अजय मंडल पिछले छह साल से रणजी ट्राफी खेल रहे हैं और इस सीजन में उनका प्रदर्शन चरमोत्कर्ष पर है। अब तक हुए दो रणजी मैचों में ही वे रिकार्डतोड़ 21 विकेट ले चुके हैं और सर्विसेस के खिलाफ एक शतक भी जड़ चके हैं।


26 वर्षीय अजय मंडल ने राजनांदगांव में अंडर 14 सबेरा कप से अपने करियर की शुरूआत की फिर वे डिस्ट्रिक्ट टीम का हिस्सा बने और कई बार राजनांदगांव जिले का प्रतिनिधित्व किया। वे मूलतः लेफ्ट आर्म स्पिनर हैं। बाद में उन्होंने बैटिंग पर भी फोकस किया और आज वे छत्तीसगढ़ की टीम के महत्वपूर्ण ऑलराउंडर हैं। वे विजय हजारे एक दिवसीय क्रिकेट और सैयद मुश्ताक अली टी 20 ट्राफी में भी छत्तीसगढ़ की टीम के नियमित सदस्य हैं। उनके पिता श्री जादव चंद्रमंडल फिलहाल सैनिक कल्याण केन्द्र रायपुर में अधीक्षक के रूप में पदस्थ हैं।

श्री चंद्रमंडल ने बताया कि उनके बेटे के करियर में सबसे अहम योगदान राजनांदगांव क्रिकेट संघ का है। जैसे ही चेन्नई ने उस पर सफल बोली लगाई, उन्हें बधाई देने वालों का तांता लग गया।

सिर्फ अजय मंडल ही नहीं, छत्तीसगढ़ रणजी टीम के कप्तान हरप्रीत भाटिया (दल्लीराजहरा) को भी आज की नीलामी में पंजाब किंग्स ने 40 लाख रू. की बोली लगाकर अपनी टीम में शामिल किया। वे पहले भी आईपीएल में खेल चुके है। यह पहला मौका है, जब छत्तीसगढ़ के दो खिलाड़ी आईपीएल में एक साथ खेलते नजर आयेंगे। डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसियेशन के अध्यक्ष सुशील कोठारी, सचिव योगेश बागड़ी और कोषाध्यक्ष दिनेश जैन समेत अजय पांडे, घनश्याम लाल, भरत काथरानी आदि सभी ने दोनों खिलाड़ियों को बधाई देते हुए इसे राजनांदगांव और छत्तीसगढ़ क्रिकेट के लिए गर्व का पल बताया। उन्होंने उम्मीद जाहिर की है कि दोनों खिलाड़ी अपने प्रदर्शन से छत्तीसगढ़ का गौरव और बढ़ायेंगे।