back to top

राजनांदगांव : जिले मे सुबह से हो रही रिमझिम बारिश और छाये कोहरे ने बढा दी ठिठुरन…

राजनांदगांव, । जिले में मौसम का रूख बुधवार को एकदम से बदल गया। घना कोहरा और हल्की बारिश लिए मौसम ने पलटी खाई। जनवरी के पहले सप्ताह में मौसम के उतार-चढ़ाव से तापमान घटता-बढ़ता रहा। इसी के चलते ठंड के मौसम में निरंतरता नजर नहीं आई। आज कोहरे के साथ दिन की शुरूआत हुई। सुबह होते ही कुछ घंटों के भीतर बूंदाबांदी के साथ हल्की बारिश हुई।

Advertisements

तापमान में कमी आने से सर्दीली हवाओं ने ठिठुरन बढ़ा दी। मौसम के सर्द होने से चौतरफा धुंध छाई रही। कोहरे के चलते विजिबिलिटी का स्तर कम हो गया। कोहरे के आगोश में होने के कारण रास्तों में आवाजाही के दौरान लोगों को नजर जमाएं रखनी पड़ी। बंगाल की खाड़ी में नमीयुक्त हवा चलने से मौसम में बदलाव आ गया। जिले में आज तापमान में काफी कमी आई। लोग बारिश और ठंड के दोहरे मार से बचने के लिए गर्म कपड़ों के लबादे में ढंके नजर आए।

बारिश और ठंड के साथ-साथ सर्दीली हवाओं ने भी लोगों का दम निकाल दिया। साल के शुरूआत में मौसम में आए परिवर्तन से लोगों की दिनचर्या भी प्रभावित हुई। इस साल सर्दी का मिजाज ऊपर-नीचे होता रहा। नियमित तौर पर ठंड नहीं पड़ने के कारण लोगों को दिसंबर के आखिरी तक गर्मी का भी अहसास हुआ। उम्मीद की जा रही थी कि जनवरी में कड़ाके की सर्दी अपना असर दिखाएगी, लेकिन आज मौसम का पलटवार हुआ।

कुल मिलाकर अनिश्चितता लिए मौसम के रूख को समझना मुश्किल हो गया है। इस बीच शहरी और दुरुस्थ इलाकों में भी मौसम से लोग परेशान रहे। बारिश के असर से लोग घरों में दुबकने के लिए मजबूर रहे। इधर ठंड से बचने के लिए लोगों ने अलाव का सहारा लिया। बताया जा रहा है कि मौसम के साफ होते ही ठंड अपना कड़ा रूख अख्तियार कर सकती है। वैसे भी मौसम विभाग ने 10 जनवरी के बाद कड़ाके की सर्दी का अनुमान लगाया है।

Advertisements

You cannot copy content of this page