मोहला : तेज रफ्तार ट्रक ने घर लौट रहे बाइक सवार को रौंदा, तीन की मौके पर मौत…

मोहला – मानपुर – अंबागढ़ चौकी जिले में सड़क हादसे थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। सोमवार देर शाम हुए हृदय विदारक भीषण सड़क हादसे में मोटर साइकिल सवार चौकी विकासखंड के चिखली गांव के सचिव सहित तीन ग्रामीणों की एक साथ दर्दनाक मौत हो गई।

बताया जा रहा है कि अज्ञात तेज रफ्तार ट्रक ने अंबागढ़ चौकी चिल्हाटी स्टेट हाईवे के मुजाल गांव में मोटर साइकिल सवार तीनों को रौंद दिया। इस हादसे में तीनों मृतकों के शरीर अलग-अलग टुकड़ों में बंट गए, जिसे बटोरकर ग्रामीणों की सहायता से चिल्हाटी पुलिस ने अंबागढ़ चौकी मुख्यालय पोस्टमार्टम के लिए पहुंचाया।

घर वापसी के दौरान बड़ा हादसा

पतासाजी में मृतकों के संबंध में बताया गया कि रमेश श्रीवास्तव पिता उदयलाल श्रीवास्तव 54 वर्ष ग्राम पंचायत सचिव के पद पर डोंगरगांव विकासखंड के ममेरी खाम पंचायत में पदस्थ किए गए थे, जो 7 फरवरी को ज्वाइन करने वाले थे। इसके साथ ही मृतक महाराज पिता श्रवण कवर 58 वर्ष एवं झुमुकलाल पिता मानदास 54 वर्ष निवासी चिखली आपस में दोस्त थे। ये तीनों एक मोटर साइकिल में सवार होकर चिल्हाटी गए हुए थे। वापसी के दौरान भीषण हादसे का शिकार हो गए। पुलिस की प्रारंभिक जांच में पता चला है कि एक अज्ञात ट्रक की चपेट में आने से तीनों की सड़क दुर्घटना में मौत हुई है।

एक साथ जली तीन चिंताएं

गांव में तीन-तीन लोगों के दर्दनाक मौत से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। चिखली गांव के किसी भी घर में चूल्हा नहीं जला। तीनो मृतकों का अंतिम संस्कार रीति-रिवाज के साथ परिजन एवं ग्रामीणों ने एक साथ एक ही जगह पर संपादित किया।