
राजनांदगॉव – जिले में प्रशासनिक आंतकवाद हावी होने का आरोप लगाते हुए भाजपा नेता मधसूदन यादव ने ज्वलंत उदाहरण के रूप में ग्राम जंगलेसर में खनन माफियाओं के शिकायत पर जल संसाधन एवं खनिज विभाग के अधिकारियों द्वारा ग्रामवासियों को परेशान किये जाने की घटना का उल्लेख किया है।
उन्हांेने ग्रामवासियों की पीड़ा बयान करते हुए बतलाया कि ग्राम जंगलेसर के एनिकट की मरम्मत हेतु ग्रामवासियों द्वारा विगत 4 सालों में लगातार कांग्रेस शासन में कई असफल प्रयास किये गये, जिसके बाद अंततः ग्रामवासियों ने थकहार कर जनसहयोग से श्रमदान करके एनिकट मरम्मत का कार्य प्रारंभ किया । उक्त जनहित का कार्य रेत तस्करों को रास नहीं आया और उनके द्वारा जल संसांधन विभाग एवं खनिज विभाग के अधिकारियों को अपने हाथ की कठपुतली बनाकर जंगलेसर के ग्रामवासियों को प्रताड़ित किया जा रहा है।
भाजपा नेता मधुसूदन ने आरोप लगाया है कि खनन माफिया के दबाव में जंगलेसर एनिकट मरम्मत कार्य को रोकने में प्रशासन जुटा हुआ है। पूर्व सांसद मधुसूदन ने आरोप लगाया है कि एक ओर जल संसाधन विभाग जंगलेसर में श्रमदान एवं जनसहयोग से किये गये एनिकट मरम्मत कार्याे को विभागीय कार्य बताकर फर्जी बिल भुगतान कराने के चक्कर में है, तो दूसरी ओर खनिज विभाग खनन माफिया का विरोध करने वाले ग्रामवासियों को अवैध उत्खनन के झूठे केस में फॅसाने की धमकी दे रहे हैं ।
इस प्रकरण में जल संसाधन विभाग द्वारा विभागीय मद से उक्त एनिकट के मरम्मत कार्य का दावा किया जा रहा है किन्तु मरम्मत कार्य हेतु किस-किस मद से, कितनी-कितनी राशि, स्वीकृत करके, कब-कब, किस कार्य एजेन्सी के द्वारा मरम्मत कार्य करवाया गया है, इसके संबंध में ग्रामवासियों को जानकारी नही दी जा रही है। उल्टे खनिज विभाग एवं जल संसाधन विभाग द्वारा खनन माफिया के एजेन्ट के रूप में कार्य करते हुए ग्रामवासियों पर अवैध खनन एवं अवैध निर्माण सहित तमाम प्रकार के झूठे आरोप लगाकर ग्रामवासियों को डराया धमकाया जा रहा है और एनिकट निर्माण के कार्य को बाधित करने का षड़यंत्र रचा जा रहा है।
भाजपा नेता मधुसूदन यादव ने आरोप लगाया है कि शासन प्रशासन द्वारा खनन माफिया को प्रश्रय देने एवं ग्राम जंगलेसर के रहवासियों की आवाज को दबाने के लिये उन्हें विभिन्न प्रकार से प्रताड़ित किया जा रहा है और यही स्थिति पूरे प्रदेश के कई ग्रामों में निर्मित है जहॉ खनन माफिया का बोलबाला है।
पूर्व संासद मधुसूदन ने शासन प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा है कि यदि जिले में इसी तरफ अफसरशाही हावी रही और ग्राम जंगलेसर के ग्रामवासियों को प्रताड़ित करना बंद नहीं किया गया तो, उन्हें न्याय दिलाने के लिये भाजपा उग्र आंदोलन एवं विरोध प्रदर्शन करने के लिये बाध्य होगी और जिसकी सारी जिम्मेदारी शासन प्रसाशन की होगी।









































