
विधानसभा निर्वाचन 2023
– आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन के मामलों में सी-विजिल पर हो रही रिपोर्ट
राजनांदगांव 21 अक्टूबर 2023। भारत निर्वाचन आयोग द्वारा विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 74-डोंगरगढ़ (अनुसूचित जाति) व विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 75-राजनांदगांव के लिए नियुक्त निर्वाचन प्रेक्षक श्री एम मल्लिकार्जुन नायक एवं विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 76-डोंगरगांव व विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 77-खुज्जी के लिए नियुक्त निर्वाचन
प्रेक्षक श्री मुकेश कुमार तथा पुलिस प्रेक्षक श्री नीलाभ किशोर ने जिला कार्यालय स्थित सी-विजिल कक्ष एवं कंट्रोल रूम का निरीक्षण किया। इस अवसर पर कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री डोमन सिंह, पुलिस अधीक्षक श्री मोहित गर्ग, जिला पंचायत सीईओ एवं स्वीप नोडल श्री अमित कुमार, उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्री खेमलाल वर्मा उपस्थित थे।
निरीक्षण के दौरान प्रेक्षकों ने सी-विजिल पर अब तक प्राप्त शिकायतों एवं उनके निराकरण के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने कहा कि पूरी सतर्कता के साथ सी-विजिल की मानिटरिंग करते रहे।
उन्होंने सी-विजिल मोबाईल एप्लीकेशन पर विधानसभा निर्वाचन 2023 अंतर्गत जिले के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन के किसी भी प्रकार की शिकायत पर सतत निगरानी रखने कहा और उन शिकायतों का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्वक निराकरण करने निर्देशित किया।









































