राजनांदगांव, 09 फरवरी। वनांचल बागनदी थाना क्षेत्र में गुरूवार की देर रात मवेशी तस्करों ने एक आरक्षक को बेरहमी से कुचल डाला। त्वरित रूप से हॉस्पिटल पहुंचाये गये घायल जवान का परीक्षण कर डॉक्टर ने मौत की पुष्टि की।

पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर तलाश शुरू की है।बागनदी थाना प्रभारी को गुरूवार की रात हाईवे पेट्रोलिंग कर रहे जवानों से सूचना प्राप्त हुई थी कि एक वाहन में तस्कर मवेशियों को भरकर ले जा रहे हैं। सूचना पर थाना के ठीक सामने थाना प्रभारी ने जवानों की सहायता से नाकेबंदी करायी।
रात लगभग दो से तीन बजे के बीच एक बोलेरो वाहन संदिग्ध हालत में आता दिखायी पड़ा।वाहन को रोकने के लिए स्टापर लगा रहे जवान पर तस्कर द्वारा वाहन चढ़ा दिया गया। हादसे में गंभीर रूप से घायल आरक्षक शिवचरण मंडावी पिता शंकर मंडावी (35) को पुलिस ने देवरी हॉस्पिटल पहुंचाया। भर्ती से पूर्व डॉक्टर द्वारा परीक्षण कर बताया गया कि आरक्षक की मौत हो चुकी है।
मृतक जवान लालबाग थाना क्षेत्र के ग्राम डिलापहरी का निवासी था। आज शाम मृतक का गृह ग्राम में अंतिम संस्कार कर दिया गया। मृतक के तीन बच्चे 17 वर्ष, 12 वर्ष एवं 05 वर्ष के हैं। एक छोटा भाई भी है।










































