रायपुर : कर्मचारियों से भरी बस 50 फीट खाई में गिरी ,14 लोगों की मौत…

रायपुर, । छत्तीसगढ़ में रायपुर-दुर्ग रोड पर मंगलवार रात कर्मचारियों से भरी बस 50 फीट गहरी खाई में गिर गई। हादसे में 14 कर्मचारियों की मौत हो गई, जबकि 12 लोग घायल हैं। इनमें 5 की हालत गंभीर है। मृतकों में 3 महिलाएं भी शामिल हैं। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। बस से घायलों को बाहर निकाल लिया गया है।

जानकारी के मुताबिक, हादसा कुम्हारी में खपरी रोड पर मुरुम खदान में हुआ है। केडिया डिस्टलरी के कर्मचारी प्लांट से बस में सवार होकर लौट रहे थे। हादसे के दौरान बस में 40 लोग सवार थे। घायलों को रायपुर रेफर किया गया है। बताया जा रहा है कि मृतकों की संख्या बढ़ सकती है। टॉर्च और मोबाइल के फ्लैश लाइट से रेस्क्यू किया गया। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में घायलों को भर्ती कराया गया है।

उपचार के दौरान बस चालक गुरमीत सिंह की भी मौत हो गई है। इसके साथ ही मृतकों की संख्या – बढ़कर 14 हो गई है।

जहां पर हादसा हुआ है, उस जगह पर काफी अंधेरा है। स्ट्रीट लाइट्स तक बंद पड़ी हैं। यहां रोड भी कम चौड़ी है। वहीं सड़क किनारे खाई होने के बावजूद रेलिंग तक के इंतजाम नहीं है। बताया जा रहा है कि ऐसे में बस बेकाबू हो गई और सड़क किनारे लगे पत्थर को तोड़ती हुई नीचे जा गिरी।

मृतकों में शुभम पटेल पुत्र मदल पटेल, सत्य निशा पत्नी अभय, पुष्पा देवी पत्नी फूलचरण, परमानंद तिवारी, कौशल्या, राजू, त्रिभुवन पांडेय, मनोज ध्रुव, विधु भाई पटेल, कृष्णा, राम बिहारी यादव और कमलेश देश लहरे, अमित सिन्हा शामिल है। रायपुर एम्स में 2 महिलाओं को रेफर किया गया है। 8 लोगों को एपेक्स अस्पताल मे भर्ती कराया गया है। वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने हादसे और मृतक के परिजनों के प्रति संवेदना जताई। पूर्व सीएम भूपेश बघेल ने हादसे को दुखद बताया है। सीएम विष्णुदेव साय ने बस हादसे पर दुख जताया है।