
राजनांदगांव। शहर जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा आज शहर के महावीर चौक में मुख्यमंत्री और गृहमंत्री का पुलिसकर्मियों के बीच प्रतीकात्मक पुतला दहन किया गया है। पुतला दहन के दौरान कांग्रेस नेताओं और पुलिस के बीच झूमझटकी भी हुई। इस दौरान शहर कांग्रेस अध्यक्ष कुलबीर सिंह छाबड़ा का हाथ जल गया।
शहर कांग्रेस अध्यक्ष कुलबीर सिंह छाबड़ा ने कहा कि प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार आज रविवार को बलरामपुर जिले में पुलिस अभिरक्षा एवं पुलिस प्रताड़ना से हुई मौत तथा प्रदेश में बिगड़ते कानून व्यवस्था के खिलाफ कांग्रेस ने जिला स्तरीय राजनांदगांव जिला मुख्यालय में प्रदेश के मुख्यमंत्री और गृहमंत्री का पुतला दहन किया है।
उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ देश का अकेला ऐसा राज्य है जहां कानून व्यवस्था बिगड़ने के नाम पर 4 SP का ट्रांसफर पिछले 1 महीने में किया गया है।
छत्तीसगढ़ पहला ऐसा राज्य है जहां कलेक्टर एसपी कार्यालय जला दिए गए, भीड़ ने एसडीएम को मारने के लिए दौड़ा दिया, जहां पर भीड़ ने पुलिस के कार्रवाई न करने पर अपराधी को जिंदा उसके घर में जला दिया।
उत्तर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष आसिफ अली ने कहा कि छत्तीसगढ़ पहला ऐसा राज्य है जहां महिला एडिशनल एसपी पर महिलाएं हमला करती हैं। उसके बाद भी यदि भारतीय जनता पार्टी के नेताओं को कानून व्यवस्था राज्य की सही लगती है तो इन्हें दलिय प्रतिबद्धता में रतौंधी हो चुकी है, इनके इलाज की आवश्यकता है।

जानिए क्या है बलरामपुर का बवाल
बलरामपुर थाने में गुरुवार को पूछताछ के लिए बुलाए गए स्वास्थ्य विभाग के प्यून गुरूचरण मंडल (30) ने लॉकअप के बाथरूम में फांसी लगा ली। थाने में गुरूचरण मंडल की मौत की सूचना लोगों को शाम को मिली तो हंगामा मच गया। लोगों ने थाने का घेराव कर जमकर हंगामा करते हुए थाने और पुलिस की गाड़ियों पर पथराव किया।
पुलिस ने भीड़ को तितर-बितर करने आंसू गैस के गोले छोड़े और लाठीचार्ज किया। सैकड़ों की संख्या में लोगों ने नेशनल हाइवे पर चक्काजाम कर दिया। वहीं घटना के बाद लोगों के आक्रोश को देखते हुए देर रात थाना प्रभारी प्रमोद रूसिया और कॉन्स्टेबल अजय यादव को निलंबित किया गया।












































