back to top

VISION TIMES : पेट्रोलिंग पर निकले नगर पुलिस चौकी के सिपाही पर झगड़ा कर रहे युवकों ने चाकू से किया हमला…

भिलाई बीती रात पेट्रोलिंग पर निकले स्मृति नगर पुलिस चौकी के सिपाही पर झगड़ा कर रहे युवकों ने चाकू से हमला कर दिया था। सिपाही की पीठ पर चाकू लगने से वह बेसुध होकर गिर गया। उसे तुरंत निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां सिपाही की हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस ने इस मामले में 6 लोगों के खिलाफ नामजद एवं 15-20 अन्य के खिलाफ धारा 147, 148, 149, 186, 353, 332 और 307 के तहत मामला दर्ज किया जिसमें कल दोपहर तक छः आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।

Advertisements

सुपेला थाना प्रभारी सुरेश ध्रुव ने बताया कि कोरोना बंदी को लेकर स्मृति नगर पुलिस चौकी की पेट्रोलिंग पार्टी कल देर रात 11 बजे गश्त पर निकली थी। पेट्रोलिंग टीम में चौकी के सिपाही विवेक सिंह, सविंदर सिंह, राधेश्याम चंद्राकर, सुषार, जी लक्ष्मी शामिल थे। उन्होंने देखा कि सूर्य मॉल के पास 15-20 लड़के आपस में झगड़ा कर रहे हैं। पेट्रोलिंग टीम के सिपाहियों ने उन्हें वहां से भगाया। इसके बाद रात 11:30 बजे फिर से उन्हें सूचना मिली कि वही लड़के सूर्या रेसिडेंसी के पास सेक्टर 4 निवासी प्रवीण पाडु ( 33 वर्ष), रामनगर निवासी एमन राव (24 वर्ष), कैंप 1 निवासी वीरू सोनकर (25 साल), स्मृति नगर निवासी दीपक सिंह (19 साल), केंप दो निवासी कालू खान, सेक्टर 2 निवासी जगदीश गोड आपस में झगड़ा कर रहे हैं।

पेट्रोलिंग टीम के सिपाही वहां पहुंचे और जैसे ही लड़कों को पकड़ने लगे तो उन लोगों ने सिपाहियों पर हमला कर दिया। बताया जाता है कि विवाद के दौरान ही कैंप वन निवासी बीरू सोनकर (25 वर्ष) ने सिपाही सविंदर के पेट में चाकू से वार किया। इस दौरान सविंदर अपना बचाव करते हुए घूम गया तो चाकू उसकी पीठ पर जा लगा। इसके बाद आरोपी ने चाकू से एक और वार उसकी पीठ पर किया तो सविंदर वहीं गिर गया। पुलिस वाले पर चाकू मारने के बाद सभी लड़के वहां से भाग खड़े हुए। रात में ही अन्य पुलिस कर्मियों ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था। पुलिस वालों द्वारा 6 आरोपियों को गिरफ्तार करने के बाद उनके परिजनों ने सोमवार सुबह स्मृति नगर चौकी का घेराव कर दिया। उन्होंने पुलिस पर जबरदस्ती उनके लड़कों को गिरफ्तार करने का आरोप लगाया है।

Advertisements

You cannot copy content of this page