back to top

VISION TIMES: राजनांदगांव में स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर भव्य स्वतंत्रता दौड़ का आयोजन…

राजनांदगांव। स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर जिला प्रशासन द्वारा गुरुवार को अंतर्राष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम परिसर में स्वतंत्रता दौड़ का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में राजनांदगांव महापौर मधुसूदन यादव, कलेक्टर सर्वेश्वर नरेन्द्र भुरे और नगर निगम आयुक्त अतुल विश्वकर्मा उपस्थित रहे।

Advertisements

महापौर मधुसूदन यादव एवं कलेक्टर सर्वेश्वर नरेन्द्र भुरे ने हरी झंडी दिखाकर स्वतंत्रता दौड़ की शुरुआत की। इस अवसर पर शहर के गणमान्य नागरिक, जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी, स्कूली छात्र-छात्राएं और खिलाड़ी उत्साहपूर्वक शामिल हुए।

दौड़ के दौरान युवा, बच्चे और गणमान्य नागरिक हाथों में तिरंगा झंडा थामे, जोश और उमंग से लबरेज होकर दौड़ते नजर आए। पूरे रास्ते पर “भारत माता की जय” के नारों से गगन गुंजायमान हो उठा और शहर देशभक्ति के रंग में रंग गया।

राजनांदगांव एसडीएम खेमलाल वर्मा ने बताया कि स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर आयोजित स्वतंत्रता दौड़ का मुख्य उद्देश्य शहर में देशभक्ति का माहौल बनाना और युवाओं में राष्ट्रप्रेम की भावना को जागृत करना है। बड़ी संख्या में नागरिकों, विद्यार्थियों और खिलाड़ियों की भागीदारी देखकर खुशी होती है कि आज की पीढ़ी भी देश के प्रति समर्पित है। तिरंगा हाथ में लेकर दौड़ते हुए युवाओं के ‘भारत माता की जय’ के नारों ने पूरे शहर को देशभक्ति के रंग में रंग दिया।

महापौर मधुसूदन यादव ने कहा कि स्वतंत्रता दौड़ हमारे शहर के लिए गर्व का क्षण है। इसमें बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी का जोश और भागीदारी यह दर्शाती है कि आज भी देशभक्ति की भावना हमारे दिलों में उतनी ही प्रबल है। तिरंगे के साथ दौड़ते युवाओं के उत्साह ने पूरे राजनांदगांव को स्वतंत्रता के रंग में रंग दिया।

दौड़ का शुभारंभ अंतर्राष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम से हुआ, जो गौरवपथ, वीआईपी रोड, भदौरिया चौक और शहर के मुख्य मार्गों से होकर पुनः अंतर्राष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में संपन्न हुई। पूरे आयोजन के दौरान देशभक्ति के जोश और उमंग का अद्भुत नजारा देखने को मिला।

स्वतंत्रता दौड़ ने न केवल शहरवासियों में उत्साह और जोश भर दिया, बल्कि आने वाले स्वतंत्रता दिवस समारोह के लिए पूरे माहौल को देशभक्ति की भावना से सराबोर कर दिया।

Advertisements

You cannot copy content of this page