
भिलाई। 48 लाख 67 हजार 500 रुपये की ठगी के मामले में साइबर सेल और भिलाई नगर थाना पुलिस ने दो शातिर आरोपियों को आंध्र प्रदेश से गिरफ्तार किया है। विदित हो कि नौ अक्टूबर 2025 को प्रार्थी द्वारा रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि इन्स्टाग्राम पर फॉरेक्स ट्रेडिंग में निवेश करने हेतु भेजे गए लिंक पर क्लिक कर उनसे कुल 48,67,500 रुपए की ठगी की गई।
शिकायत मिलने पर सायबर थाना दुर्ग में धारा 318(4), 336, 3(5) बी.एन.एस. के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की गई। प्रकरण के तकनीकी विश्लेषण एवं डिजिटल ट्रैकिंग के आधार पर आरोपियों की लोकेशन आंध्रप्रदेश में होने की पुष्टि हुई, जिस पर एक विशेष पुलिस टीम जिला अनकापल्ली (आंध्रप्रदेश) रवाना की गई।
टीम ने वहां से दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के दौरान आरोपियों के कब्जे से मोबाइल फोन, बैंक पासबुक एवं एटीएम कार्ड जप्त किए गए हैं। गिरफ्तार आरोपियों में पी. सत्यनागा मूर्ति, पिता सत्यनारायण मूर्ति, (25 वर्ष) निवासी पुलापर्थी, यालामंचली मंडल, जिला अनकापल्ली (आंध्रप्रदेश), बालाजी श्रीनू, पिता बालाजी रामू नायडू, (34 वर्ष) निवासी चिन्ना विधि, तहसील यालामंचली, जिला पुलापर्थी, विशाखापट्टनम (आंध्रप्रदेश) शामिल हैं।









































