
राष्ट्रीय खेल दिवस पर जिले के युवा वर्चुअली प्रधानमंत्री से करेंगे संवाद, माय भारत एवं राष्ट्रीय सेवा योजना के संयुक्त तत्वावधान में आयोजन

राजनांदगांव। राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर 27 अगस्त को शासकीय कमला देवी राठी महिला महाविद्यालय, राजनांदगांव में ‘खेलो इंडिया संवाद—खेल की बात पीएम मोदी के साथ’ कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम में जिले के युवा वर्चुअल माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ संवाद करेंगे।
कार्यक्रम का आयोजन माय भारत एवं राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है। देशभर में खेल और युवाओं को जोड़ने के उद्देश्य से यह कार्यक्रम करीब 1600 महाविद्यालयों में एक साथ आयोजित किया जाएगा।
कार्यक्रम में जिले के युवा, यूथ आइकन और विभिन्न खेलों से जुड़े स्पोर्ट्सपर्सन शामिल होंगे। इस दौरान खेलों के प्रति युवाओं में रुचि बढ़ाने, फिटनेस को जीवनशैली का हिस्सा बनाने तथा खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने से जुड़े विषयों पर संवाद होगा।
राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को खेलों के प्रति प्रेरित करना और उन्हें स्वस्थ एवं सक्रिय जीवनशैली के लिए प्रोत्साहित करना है। प्रधानमंत्री के साथ वर्चुअल संवाद से जिले के युवाओं को देश के खेल परिदृश्य और खेलों में उपलब्ध अवसरों को समझने का अवसर भी मिलेगा।
महाविद्यालय में कार्यक्रम को लेकर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। आयोजकों ने अधिक से अधिक युवाओं की सहभागिता सुनिश्चित करने की तैयारी की है, ताकि राष्ट्रीय स्तर के इस संवाद में राजनांदगांव जिले की भी प्रभावी भागीदारी हो सके।











































