back to top

कोरकोट्टी के 29 वीर शहीदों को श्रद्धांजलि, राजनांदगांव पुलिस ने रक्तदान कर दी अनूठी श्रद्धांजलि…


राजनांदगांव। 12 जुलाई 2009 को कोरकोट्टी नक्सली हमले में शहीद हुए तत्कालीन पुलिस अधीक्षक स्वर्गीय विनोद कुमार चौबे सहित 29 वीर पुलिस जवानों की पुण्य स्मृति में रविवार को राजनांदगांव पुलिस द्वारा श्रद्धांजलि समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ ही शहीद परिवारों का सम्मान किया गया तथा उनकी स्मृति में निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण और स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का भी आयोजन हुआ।
कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 9 बजे शहीद एसपी स्व. विनोद कुमार चौबे की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। इसके बाद रक्षित केंद्र स्थित शहीद स्मारक एवं मंगल भवन में सभी 29 शहीदों के छायाचित्रों पर पुष्प अर्पित कर दो मिनट का मौन रखा गया और उनके अदम्य साहस, कर्तव्यनिष्ठा तथा राष्ट्रसेवा को नमन किया गया।

Advertisements


इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा ने शहीद परिवारों का शाल और श्रीफल भेंटकर सम्मान किया। उन्होंने परिवारों से आत्मीय संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और उनके त्वरित निराकरण का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि शहीदों का सर्वोच्च बलिदान सदैव पुलिस परिवार और समाज के लिए प्रेरणास्रोत रहेगा तथा उनके परिवारों का सम्मान और सहयोग करना सभी का नैतिक दायित्व है।


शहीदों की स्मृति में आयोजित स्वैच्छिक रक्तदान शिविर में 21 पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारियों ने रक्तदान किया। साथ ही निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण शिविर में भी बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया।
श्रद्धांजलि समारोह में सांसद संतोष पांडे, पूर्व सांसद अभिषेक सिंह, महापौर मधुसूदन यादव, छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल के अध्यक्ष नीलू शर्मा सहित कई जनप्रतिनिधियों ने शहीदों को श्रद्धासुमन अर्पित किए। जनप्रतिनिधियों ने शहीद परिवारों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।


कार्यक्रम में कलेक्टर जितेन्द्र यादव, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर, डीएसपी किरण चौधरी, रक्षित निरीक्षक लोकेश कुमार कसेर, जिले के पुलिस अधिकारी-कर्मचारी, शहीद परिवारों के सदस्य, जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक और पत्रकार उपस्थित रहे।

Advertisements

You cannot copy content of this page