back to top

डोंगरगढ़ थाने का एसपी अंकिता शर्मा ने किया औचक निरीक्षण, लंबित मामलों के शीघ्र निराकरण के दिए निर्देश…


डोंगरगढ़/राजनांदगांव। पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा ने रविवार को थाना डोंगरगढ़ का आकस्मिक निरीक्षण कर पुलिस कार्यप्रणाली और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाना परिसर, मालखाना, हवालात, सीसीटीएनएस कक्ष, शस्त्रागार, अपराध एवं शिकायत रजिस्टर, मर्ग, गुम इंसान, समन-वारंट सहित विभिन्न अभिलेखों का सूक्ष्म निरीक्षण किया।
एसपी ने अधिकारियों को लंबित अपराधों और शिकायतों का शीघ्र निराकरण करने, गंभीर मामलों की गुणवत्तापूर्ण विवेचना, फरार आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी तथा समन-वारंट की समयबद्ध तामील सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने महिला एवं बाल अपराधों के मामलों में संवेदनशील और प्रभावी कार्रवाई पर विशेष जोर दिया।

Advertisements


निरीक्षण के दौरान जिले में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम को लेकर भी समीक्षा की गई। एसपी ने दुर्घटना संभावित ब्लैक स्पॉट क्षेत्रों में नियमित जांच अभियान चलाने, हेलमेट और सीट बेल्ट के उपयोग को सुनिश्चित कराने, शराब पीकर वाहन चलाने वालों तथा तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने और दुर्घटना की स्थिति में गोल्डन आवर का प्रभावी उपयोग करते हुए घायलों को तत्काल चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने पर बल दिया।


उन्होंने थाना परिसर की साफ-सफाई, अभिलेखों के सुव्यवस्थित संधारण, शासकीय संपत्तियों के रखरखाव, पुलिस अधिकारियों-कर्मचारियों में अनुशासन बनाए रखने, जनसुनवाई को प्राथमिकता देने तथा आमजन के प्रति संवेदनशील एवं सौहार्दपूर्ण व्यवहार रखने के निर्देश भी दिए।

Advertisements

You cannot copy content of this page