
केसीजी। जिले के ठेलकाडीह थाना क्षेत्र में बैंक लोन चुकाने को लेकर हुए विवाद ने एक महिला की जान ले ली। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पत्नी की हत्या के आरोपी पति को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त फावड़ा तथा वारदात के समय पहने गए कपड़े भी बरामद कर लिए हैं।
पुलिस के अनुसार, 17 जुलाई को मुंदगांव निवासी कुन्ती बाई बघेल ने थाना ठेलकाडीह में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसके दामाद तारण चतुर्वेदी ने 16 जुलाई को अपनी पत्नी सुरूज बाई चतुर्वेदी के सिर पर फावड़े से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया था। घायल महिला का उपचार दुर्ग के शंकराचार्य अस्पताल में चल रहा था।
इसी दौरान चौकी स्मृति नगर, थाना सुपेला से सूचना मिली कि उपचार के दौरान सुरूज बाई की मृत्यु हो गई है। इसके बाद पुलिस ने मामले में हत्या की धारा जोड़कर विवेचना शुरू की।
आरोपी की तलाश के दौरान स्मृति नगर चौकी पुलिस के सहयोग से भिलाई में संभावित ठिकानों पर दबिश दी गई। पुलिस ने आरोपी तारण चतुर्वेदी को सूर्या मॉल के पास एक होटल में खाना खाते समय गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसकी पत्नी बैंक से लिए गए ऋण की किस्त चुकाने के लिए लगातार दबाव बना रही थी, जिससे दोनों के बीच आए दिन विवाद होता था। इसी विवाद के दौरान उसने गुस्से में आकर फावड़े से हमला कर पत्नी की हत्या कर दी।
पुलिस ने आरोपी के मेमोरेंडम के आधार पर घटना में प्रयुक्त फावड़ा तथा वारदात के समय पहने गए बनियान और बरमूडा जब्त कर लिए हैं। आरोपी तारण चतुर्वेदी (28 वर्ष), निवासी ग्राम फत्तेपुर, थाना ठेलकाडीह, जिला केसीजी को भारतीय न्याय संहिता की धारा 296, 115(2) एवं 103(1) के तहत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।










































